Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सेंसेक्स 346 अंक चढ़ा

हमें फॉलो करें सेंसेक्स 346 अंक चढ़ा
, गुरुवार, 16 नवंबर 2017 (18:49 IST)
मुंबई। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच कम भाव पर हुई लिवाली से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों करीब एक प्रतिशत की तेजी देखी गई।
       
तीन दिन की गिरावट से उबरता हुआ बीएसई का सेंसेक्स 1.06 प्रतिशत यानी 346.38 अंक की छलांग लगाकर 33,106.82 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 0.96 प्रतिशत अर्थात् 96.70 अंक की मजबूती के साथ 10,214.75 अंक पर बंद हुआ।
       
चौतरफा लिवाली के बीच निवेशकों ने मझौली और छोटी कंपनियों में भी जमकर निवेश किया। बीएसई का मिडकैप 1.07 प्रतिशत चढ़कर 16,504.06 अंक पर और स्मॉलकैप 1.10 प्रतिशत की बढ़त में 17,462.86 अंक पर पहुंच गया। 
        
अमेरिका में बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, वहां खुदरा महंगाई बढ़ी है। इससे अर्थव्यवस्था में मजबूती के संकेत मिलने से बुधवार को अमेरिकी और गुरुवार को अधिकतर एशियाई शेयर बाजारों में तेजी रही। यूरोपीय बाजार भी आज बढ़त में खुले। 
        
सकारात्मक संकेतों के बीच सेंसेक्स 69.38 अंक की तेजी के साथ 32,829.82 अंक पर खुला और यही इसका दिवस का निचला स्तर भी रहा। लगातार मजबूती के साथ एक समय यह 33,165.15 अंक के दिवस उच्चतम स्तर तक भी पहुंचा। कारोबार की समाप्ति पर गत दिवस के मुकाबले 346.38 अंक ऊपर 33,106.82 अंक पर बंद हुआ।
        
अमेरिका में बेहतर आर्थिक आंकड़े आने से आईटी और टेक समूहों में सबसे ज्यादा तेजी रही। सेंसेक्स में इंफोसिस ने सर्वाधिक करीब चार प्रतिशत का मुनाफा कमाया। भारतीय स्टेट बैंक के शेयर ढाई फीसदी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के दो प्रतिशत से अधिक की तेजी में रहे। अडानी पोर्ट्स में लगभग सवा दो प्रतिशत की गिरावट देखी गई। 
         
बीएसई में कुल 2,824 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 1,683 के शेयरों में लिवाली तथा 982 में बिकवाली का जोर रहा। शेष 159 के शेयर उतार-चढ़ाव से होते हुए अंतत: अपरिवर्तित रहे।
         
निफ्टी का ग्राफ भी लगभग सेंसेक्स जैसा ही रहा। यह 34.85 अंक की बढ़त में 10,152.90 अंक पर खुला। दिवस के दौरान इसका निचला स्तर 10,139.20 अंक और उच्चतम स्तर 10,232.25 अंक दर्ज किया गया। कारोबार की समाप्ति पर यह गत दिवस के मुकाबले 96.70 अंक उछलकर 10,214.75 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की 50 कंपनियों में से 37 हरे और शेष 13 लाल निशान में बंद हुईं। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

चेतावनी : उत्तर भारत और पाकिस्तान में पड़ेगी जानलेवा जहरीली ठंड