Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

साक्षी मलिक का विश्व चैंपियनशिप में होगा 'टेस्ट'

हमें फॉलो करें साक्षी मलिक का विश्व चैंपियनशिप में होगा 'टेस्ट'
, शनिवार, 8 जुलाई 2017 (18:23 IST)
नई दिल्ली। रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास बनाने वाली महिला पहलवान साक्षी मालिक का 21 से 27 अगस्त तक फ्रांस के पेरिस में होने वाली विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में ओलम्पिक के बाद पहला असली टेस्ट होगा।
 
साक्षी रियो ओलम्पिक में पदक जीतने वाली चौथी भारतीय पहलवान और पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थीं। साक्षी ने पिछले साल रियो में अगस्त में हुए ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास बनाया था और उसके ठीक एक साल बाद अब वे विश्व चैंपियनशिप में उतरेंगीं लेकिन इस बार उनका नया भार वर्ग होगा।
 
साक्षी ने ओलम्पिक पदक जीतने के बाद सीधे प्रो रेसलिंग लीग में हिस्सा लिया, लेकिन इस लीग में उन्होंने सिर्फ भारतीय पहलवानों से ही मुक़ाबले लड़े। दिल्ली सुल्तान टीम की तरफ से खेलने वाली साक्षी को लीग के एक मैच में ओलम्पिक कांस्य विजेता ट्यूनीशिया की मारवा अमरी से खेलना था, लेकिन वे बीमार होने के कारण इस मैच में नहीं उतर पाईं।
 
हरियाणा की साक्षी इसके बाद इस साल मई में दिल्ली में हुई एशियाई चैंपियनशिप में नए वजन वर्ग 60 किलोग्राम में उतरीं। साक्षी ने रियो का पदक 58 किलोग्राम में जीता था। देश को साक्षी से पूरी उम्मीद थी कि वह 60 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल करेंगी, लेकिन रियो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली जापान की रिसाको कवाई ने मात्र दो मिनट 44 सेकंड में ही भारतीय पहलवान को धूल चटा दी। 
 
रिसाको ने 10-0 के अंतर से मुकाबला समाप्त कर दिया। जापानी पहलवान के लगातार 10वां अंक हासिल करते ही मुकाबला रोक दिया गया और उन्हें तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर विजेता घोषित कर दिया गया। रिसाको ने रियो में 63 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीता था। 
 
साक्षी के हाथ रजत पदक लगा, जो एशियाई चैंपियनशिप में उनका पहला पदक था। साक्षी को पिछली एशियाई प्रतियोगिता में कोई पदक नहीं मिला था, लेकिन इस बार वह रजत पदक तक पहुंच गईं। उनके लिए असली मुक़ाबला अब विश्व चैंपियनशिप में होगा, जहां दुनिया की दिग्गज पहलवान और खासतौर पर जापान की पहलवान मौजूद रहेंगी। 
 
स्पोर्ट्स ऑथोरिटी इंडिया लखनऊ उत्तरप्रदेश के ट्रेनिंग सेंटर में भारतीय महिला पहलवानों का चयन किया गया। चयन के दौरान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और सीनियर महिला रेसलिंग इंडिया चीफ कोच कुलदीप मालिक मौजूद थे। 
 
इससे पहले फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन पुरुष टीमों के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण के ट्रेनिंग सेंटर, सोनीपत में चयन प्रक्रिया का आयोजन किया गया।इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरणसिंह और कुश्ती संघ के महासचिव प्रसूद तथा अन्य चयनकर्ता मौजूद थे।
 
65 किग्रा फ्री स्टाइल में बजरंग बुखार की वजह से ट्रायल नहीं दे पाए। बजरंग ने संघ से प्रार्थना की है कि उनका ट्रायल रिकवरी के बाद अगले हफ्ते किसी भी समय लिया जाए। संघ ने मुख्य कोच की रिपोर्ट के आधार पर बजरंग को इसकी अनुमति दे दी है। बजरंग और राहुल मान के बीच एक फाइनल ट्रायल होगा और जो ट्रायल में विजयी रहेगा वह विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा।
 
तीनों टीमें इस प्रकार है-
फ्री स्टाइल : 57 किग्रा. संदीप तोमर, 61 हरफूल, 65 राहुल मान, 70 अमित धनखड़, 74 प्रवीण राणा, 86 दीपक, 97 सत्यव्रत कादियान, 125 सुमित।
 
ग्रीको रोमन स्टाइल : 59 किग्रा ज्ञानेंद्र ,66 रविन्दर ,71 योगेश, 75 गुरप्रीत सिंह, 80 हरप्रीत सिंह, 85 रविन्दर खत्री, 98 हरदीप, 130 नवीन।
 
महिला : 48 विनेश फोगाट, 53 शीतल, 55 ललिता, 58 पूजा ढांडा, 60 साक्षी मालिक, 63  शिल्पी, 69 नवजोत कौर, 75 पूजा।
(वार्ता) 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

क्रिकेटर ईशांत ने 'स्लम दौड़' को दिखाई हरी झंडी