Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

थाईलैंड को 5-0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम फाइनल में, रानी ने दागे तीन गोल

हमें फॉलो करें थाईलैंड को 5-0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम फाइनल में, रानी ने दागे तीन गोल
, सोमवार, 27 अगस्त 2018 (18:17 IST)
जकार्ता। भारतीय महिला हॉकी टीम 18वें एशियाई खेलों के फाइनल में पहुंच गई है। एकतरफा सेमीफाइनल में उसने थाईलैंड को 5-0 से रौंद डाला। भारत की इस शानदार जीत में कप्तान रानी रामपाल के तीन गोल दागे।
 
पहले दो क्वार्टर में कोई गोल नहीं होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मध्यांतर के बाद पांच गोल दागे। इनमें रानी रामपाल (37वें, 46वें एवं 56वें मिनट), मोनिका (52वें मिनट) और नवजोत कौर (55वें मिनट) के गोल शामिल हैं।
 
अब तक अजेय रही भारतीय महिला टीम 4 मैच से 12 अंक हासिल करते हुए पूल 'बी' में शीर्ष पर रही जबकि दक्षिण कोरिया दूसरे स्थान पर रही। भारत ने अपने पिछले मैच में कोरिया की गत विजेता टीम को 4-1 से हराया था।
 
पहले क्वार्टर के कुछ मिनट में गेंद ज्यादातर समय थाइलैंड के पास रही, लेकिन पांचवें मिनट में भारत को गोल करने का मौका मिला, जब रानी की रिवर्स हिट गोल पोस्ट से कुछ दूरी से बाहर चली गई। दुनिया की नौवें नंबर की टीम भारत को इसी मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन दीप ग्रेस इक्का की कोशिश को थाई डिफेंडर ने नाकाम कर दिया।
webdunia
दूसरे क्वार्टर के शुरुआती मिनटों में भारत को कुछ मौके मिले। रानी ने एक और शॉट मारा लेकिन वह गोल पोस्ट से बाहर चला गया जबकि वंदना कटारिया के शॉट को थाई गोलकीपर अलीसा नारूयेनग्राम ने विफल कर दिया।
 
एक बार फिर 23वें मिनट में रानी ने सर्कल में घुसते हुए चार थाई डिफेंडरों को पीछे छोड़ते हुए गोल की तरफ गेंद भेजी लेकिन युवा स्ट्राइकर ललरेमसियामी इस पास को गोल में तब्दील नहीं कर पाईं। इसके बाद 25वें मिनट में भारत को दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला और रानी ने फिर से शॉट मारा लेकिन वह गोल नहीं कर पाईं।
 
पहले 30 मिनट में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी थी। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल दिखाया। तीसरे क्वार्टर के दो मिनट के अंदर ही भारत को तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन गुरजीत कौर के ड्रैग फ्लिक को थाई गोलकीपर अलीसा ने बचा लिया।
 
भारत के लगातार दबाव बनाए रखने का 37वें मिनट में फायदा मिला, जब रानी ने उदिता के शुरुआती प्रयास को थाई गोलकीपर अलीसा के बचाने के बाद रिबाउंड से गोल दाग दिया। इसके बाद भारत ने 46वें मिनट में एक और गोल दागा, जब रानी ने एक दूसरे रिबाउंड से गोल कर दिया। अब भारतीय टीम मैच में 2-0 से आगे हो गई थी।
 
मैच के आखिरी दस मिनट में भारत ने तीन और गोल दागे। पहले मोनिका ने 52वें मिनट में रिबाउंड से गोल दागा और फिर नवजोत एवं रानी ने दो खूबसूरत मैदानी गोल दागते हुए मुकाबला 5-0 से भारत के नाम कर दिया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

जापान के खिला‍ड़ियों ने महिलाओं के साथ रात बिताने की अनुशासनहीनता की, भेजे गए घर