Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भारतीय महिला टीम ने एशिया कप जीता, विश्व कप में जगह बनाई

हमें फॉलो करें भारतीय महिला टीम ने एशिया कप जीता, विश्व कप में जगह बनाई
काकामिगाहारा (जापान) , रविवार, 5 नवंबर 2017 (18:24 IST)
काकामिगाहारा (जापान)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने यहां बेहद रोमांचक फाइनल में चीन को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराकर एशिया कप जीता और इसके साथ ही अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।
 
भारत ने 25वें मिनट में नवजोत कौर के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन चीन तियानतियान के 47वें मिनट में किए गए गोल से बराबरी करने में सफल रहा। इससे निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 से बराबर था। भारतीय हॉकी के लिए यह एक महीने के अंदर दूसरी बड़ी सफलता है। पुरुष टीम ने भी पिछले महीने एशिया कप जीता था।
 
महिला टीम को अपने दूसरे एशिया कप के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। उसने इससे पहले 2004 में खिताब जीता था जब यह टूर्नामेंट नई दिल्ली में खेला गया था। उसने तब फाइनल में जापान को हराया था। दक्षिण कोरिया ने दिन के पहले मैच में जापान को 1-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।  

राष्ट्रपति ने दी बधाई : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने एशिया कप का खिताब जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को उसकी इस उपलब्धि के लिए रविवार को बधाई दी।  राष्ट्रपति ने भारतीय महिला टीम को जापान में चीन को शूटआउट में 5-4 से हराकर 13 साल बाद एशिया कप खिताब जीतने और 2018 के विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने की शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।
 
कोविंद ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि हमारी महिला हॉकी टीम को एशिया कप जीतने के लिए हार्दिक बधाई। अब टीम को 2018 के विश्वकप में ऐसी ही उपलब्धि हासिल करने के लिए शुभकामनाएं। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

धोनी के साथ मेरे रिश्तों को कोई प्रभावित नहीं कर सकता : कोहली