Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

हॉकी में भारत की न्यूजीलैंड पर 3-2 से रोमांचक जीत

हमें फॉलो करें हॉकी में भारत की न्यूजीलैंड पर 3-2 से रोमांचक जीत
, बुधवार, 24 जनवरी 2018 (20:03 IST)
हैमिल्टन। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को यहां चार देशों के आमंत्रण टूर्नामेंट के दूसरे चरण के शुरुआती मैच में मेजबान न्यूजीलैंड पर 3-2 की संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की।
 
 
भारत के लिए ललित उपाध्याय ने सातवें मिनट, हरजीत सिंह ने 32वें मिनट और रूपिंदर पाल सिंह ने 36वें मिनट में गोल दागे, जबकि न्यूजीलैंड की ओर से डेनियल हैरिस ने 23वें मिनट और केन रसेल ने 37वें मिनट में गोल किया। घरेलू टीम शुरू में काफी हावी थी और सर्कल में सेंध लगाने में काफी तेज थी, लेकिन भारतीय रक्षात्मक पंक्ति बचाव में डटकर खड़ी रही।
 
भारत ने तब शुरुआत की जब विवेक सागर प्रसाद तेजी से सर्कल के शीर्ष की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन विवेक का रिवर्स हिट न्यूजीलैंड के गोलकीपर से लगकर रिबाउंड हो गया और फिर ललित ने डेवोन मैनचेस्टर को पछाड़कर भारत को 1-0 से आगे कर दिया। दूसरे क्वार्टर में न्यूजीलैंड ने वापसी की और लगातार भारतीय सर्कल में सेंध लगाते रहे, जिससे भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश काफी व्यस्त रहे।
 
इस दौरान सर्कल में सेंध से न्यूजीलैंड को मैच का अपना पहला पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन रसेल्स की ड्रैग फ्लिक का श्रीजेश ने अच्छा बचाव किया। भारतीय रक्षात्मक पंक्ति की एक गलती से न्यूजीलैंड की टीम बराबरी करने में सफल रही और हैरिस ने रिबाउंड पर गोल दाग दिया।
 
छोर बदलने पर भारतीय टीम नई रणनीति से मैदान पर उतरी और स्ट्राइकर मंदीप सिंह ने 32वें मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया जिस पर हरजीत ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। चार मिनट बाद ललित ने दूसरा पेनल्टी कार्नर प्राप्त किया और इस बार रूपिंदर ने लक्ष्य पर निशाना लगाया। 
 
एक मिनट बाद न्यूजीलैंड ने पेनल्टी कार्नर हासिल किया जिस पर रसेल ने गोल दागा। हालांकि न्यूजीलैंड ने इसके बाद एक और पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन रसेल का शाट वाइड चला गया। अंतिम क्वार्टर में न्यूजीलैंड ने बराबरी के काफी प्रयास किए लेकिन भारतीय डिफेंस ने उनके प्रयासों को लगातार विफल किया। भारतीय टीम अब दूसरे मैच में बेल्जियम से भिड़ेगी। (भाषा)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

आईसीसी अंडर-19 विश्वकप : अली के कमाल से पाकिस्तान सेमीफाइनल में