Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

कैराना में भाजपा को चुनौती देंगे सपा-रालोद

हमें फॉलो करें कैराना में भाजपा को चुनौती देंगे सपा-रालोद
, शनिवार, 5 मई 2018 (20:57 IST)
लखनऊ। फूलपुर और गोरखपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को करारी शिकस्त देने वाली समाजवादी पार्टी जीत के सिलसिले को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नब्ज समझी जाने वाली कैराना संसदीय सीट पर भी बरकरार रखना चाहती है।


इसी कवायद के तहत राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के सिंबल पर पार्टी ने तबस्सुम हसन को कैराना लोकसभा उपचुनाव मैदान पर उतारने का फैसला किया है वहीं बिजनौर के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में सपा रालोद के समर्थन से अपना प्रत्याशी उतारेगी। भाजपा को रोकने के लिए हर दल से हाथ मिलाने को तैयार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को इस सिलसिले में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की थी।

दोनों नेताओं के बीच करीब तीन घंटे तक चली इस मुलाकात के नए राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना प्रबल हुई। पार्टी सूत्रों ने आज यहां बताया कि कैराना सीट पर रालोद प्रत्याशी सपा के समर्थन से चुनावी दंगल में उतरेगा जबकि इसके बदले में रालोद बिजनौर के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में सपा उम्मीदवार का समर्थन करेगी। दोनों ही स्थानों पर बहुजन समाज पार्टी सहयोगी दल की भूमिका निभा सकती है हालांकि सूबे की राजनीति में हाशिए पर अटकी कांग्रेस दोनों ही सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा कर सकती है।

सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि रालोद उपाध्यक्ष के साथ मुलाकात के बाद बने नए फार्मूले के तहत कैराना में सपा नेता तबस्सुम हसन रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगी जबकि बिजनौर के नूरपुर विधानसभा उप चुनाव में नईम उल हसन को समाजवादी पार्टी अपना प्रत्याशी बनाएगी। नईम को राष्ट्रीय लोकदल पूरा समर्थन देगी। चौधरी ने बताया कि सपा इस चुनाव में बसपा से नजदीकी का भी लाभ लेने के प्रयास में है। वर्ष 2009 में तबस्सुम हसन ने यहां से जीत हासिल की थी।

अब एक बार फिर तबस्सुम हसन को समाजवादी पार्टी टिकट देने की तैयारी में थी मगर जयंत चौधरी से हुए समझौते के बाद तबस्सुम हसन रालोद के चुनाव चिन्ह पर यहां से किस्मत आजमाएंगी। उनके बेटे नाहिद हसन शामली के कैराना से समाजवादी पार्टी से ही विधायक हैं। सपा इस सीट पर दलित, मुस्लिम व पिछड़ों के साथ रणनीति बना रही है। इनके साथ ही क्षेत्र में राष्ट्रीय लोकदल की भी तगड़ी पैठ है।

उधर, भाजपा सांसद हुकुम सिंह के निधन से खाली हुई कैराना लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से टिकट दावेदारों में उनके बेटी मृगांका सिंह भी हैं। कैराना व नूरपुर उपचुनाव को लेकर गठबंधन की जोड़तोड़ में कांग्रेस हाशिए पर है। स्थानीय नेता चुनाव लड़ने को उत्साहित नहीं और शीर्ष नेतृत्व से अपनी मंशा जाहिर कर चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर का कहना है कि राहुल गांधी के कर्नाटक चुनाव में व्यस्त होने के कारण फैसला नहीं हो पाया है।

कांग्रेस की पांच में से तीन विधानसभा क्षेत्रों में स्थिति मजबूत मानी जा रही है। इस लोकसभा सीट में शामली जिले की थानाभवन, कैराना और शामली विधानसभा सीटों के अलावा सहारनपुर जिले के गंगोह व नकुड़ विधानसभा सीटें आती हैं। मौजूदा समय में इन पांच विधानसभा सीटों में चार भाजपा के पास हैं और कैराना विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी के पास है। बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ मैदान में उतरी समाजवादी पार्टी ने शामली व नकुड़ सीटें कांग्रेस को दी थीं।

वर्ष 1962 में अस्तित्व में आई कैराना लोकसभा सीट पर अब तक 14 बार चुनाव हो चुके हैं। कांग्रेस और भाजपा दो-दो बार चुनाव जीत चुकी हैं। ये सीट अलग-अलग राजनीतिक दलों के खाते में जाती रही हैं। कैराना लोकसभा सीट पर पहली बार हुए चुनाव में निर्दलीय यशपाल सिंह ने जीत दर्ज की थी। 1967 में सोशलिस्ट पार्टी, 1971 में कांग्रेस, 1977 में जनता पार्टी, 1980 में जनता पार्टी (सेक्‍यूलर), 1984 में कांग्रेस, 1989, 1991 में कांग्रेस, 1996 में सपा, 1998 में भाजपा, 1999 और 2004 में राष्ट्रीय लोकदल, 2009 में बसपा और 2014 में भाजपा जीत दर्ज कर चुकी है।

भाजपा के हुकुम सिंह के निधन से यह सीट खाली हो गई है। कैराना लोकसभा क्षेत्र में 17 लाख मतदाता हैं, जिनमें पांच लाख मुस्लिम, चार लाख पिछड़ी (जाट, गुर्जर, सैनी, कश्यप, प्रजापति और अन्य शामिल) और डेढ़ लाख वोट जाटव दलित हैं। एक लाख के करीब गैर जाटव दलित मतदाता हैं। कैराना सीट गुर्जर बहुल मानी जाती है। यहां तीन लाख गुर्जर मतदाता हैं, इनमें हिंदू-मुस्लिम दोनों गुर्जर शामिल हैं। इस सीट पर गुर्जर समुदाय के उम्मीदवारों ने ज्यादातर बार जीत दर्ज की हैं।

कैराना में मुस्लिम आबादी अच्छी खासी होने के बाद भी 14 लोकसभा चुनाव में महज चार बार ही मुस्लिम सांसद बने हैं। 2014 के चुनाव में भाजपा के हुकुम सिंह के खिलाफ दो मुस्लिम उम्मीदवार थे। सपा ने नाहिद हसन को और बसपा ने कंवर हसन को उतारा था। मुजफ्फरनगर दंगे (2013) के चलते वोटों का ध्रुवीकरण हुआ और दो मुस्लिम प्रत्याशी के होने से मुस्लिम वोट बंटने का फायदा हुकुम सिंह को मिला। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मैच की खास बातें