Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने भाजपा नेता का फार्महाउस उड़ाया

हमें फॉलो करें छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने भाजपा नेता का फार्महाउस उड़ाया
रायपुर , बुधवार, 23 मई 2018 (10:47 IST)
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों ने भाजपा सांसद विक्रम उसेंडी के एक फार्महाउस को विस्फोट कर उड़ा दिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
 
कांकेर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि बोंदानार गांव में स्थित भाजपा सांसद विक्रम ​उसेंडी के फार्महाउस को नक्सलियों ने बीती रात विस्फोट कर उड़ा दिया। उसेंडी कांकेर लोकसभा क्षेत्र से सांसद है। बोंदानार गांव में विक्रम उसेंडी का पैतृक निवास है।
 
अधिकारियों ने बताया कि बीती रात नक्सलियों का एक समूह उसेंडी के फार्महाउस में पहुंचा और चौकीदार को वहां से भगा दिया। बाद में नक्सलियों ने विस्फोट कर फार्महाउस को उड़ा दिया। इस घटना में दो कमरे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए।
 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और नक्सलियों की खोजबीन शुरू की गई।
 
छत्तीसगढ़ के इस नक्सल प्रभावित जिले में आज मुख्यमंत्री रमन सिंह का कार्यक्रम है। वे इस दौरान ताड़ोकी से 15 किलोमीटर दूर अंतागढ़ में सभा करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी है। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, मोदी मंत्रिमंडल की बैठक पर सबकी नजर