Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

बड़ी खबर, भूपेश बघेल होंगे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री

हमें फॉलो करें बड़ी खबर, भूपेश बघेल होंगे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री
रायपुर , रविवार, 16 दिसंबर 2018 (13:44 IST)
रायपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल को रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नेता चुन लिया गया। वह राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। बघेेेल सोमवार शाम 5 बजे पद और गोपनियता की शपथ लेंगे। पार्टी छत्तीसगढ़ में 15 वर्षों बाद सत्ता में लौटी है।
 
पार्टी के केन्द्रीय पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे एवं राज्य के प्रभारी पी.एस.पुनिया की मौजूदगी में नवनिर्वाचित विधायकों की प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में बघेल को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। बैठक में आलाकमान द्वारा भेजा गय़ा लिफाफा खोला गया, जिसमें बघेल का नाम था।
 
बघेल को इसके बाद विधायक दल ने औपचारिक रूप से नेता चुन लिया। बघेल राज्य के तीसरे तथा कांग्रेस के दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री पद के दूसरे दावेदार डॉ.चरणदास महंत, ताम्रध्वज साहू एवं टी.एस.सिंहदेव भी मौजूद थे।

भूपेश बघेल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1980 के दशक में की थी। वर्ष 1985 में वे भारतीय युवा कांग्रेस में शामिल हुए और दुर्ग जिले के अध्यक्ष बनाए गए। वे वर्ष 1993 में पाटन निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार चुने गए। वे वर्ष 1993 से 2001 तक मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के निदेशक रहे। वे 1990 से 94 तक जिला युवक कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष रहे।
 
बघेल को वर्ष 1994 में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया। वे वर्ष 1998 में विधानसभा के लिए पुनः निर्वाचित हुए और दिग्विजय सिंह सरकार में राज्यमंत्री (लोक शिकायत विभाग में) नियुक्त किए गए। वर्ष 2000 में जब छत्तीसगढ़ अस्तित्व में आया, तब बघेल राजस्व, लोक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग और राहत कार्य के पहले मंत्री बने और वर्ष 2003 तक इस पद पर बने रहे। बाद में उसी क्षेत्र से वर्ष 2003 में छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्य बने।
 
वे वर्ष 2003 से 2008 तक छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के उपनेता नियुक्त किए गए। वर्ष 2004 में उन्‍होंने दुर्ग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से संसदीय चुनाव लड़ा लेकिन हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह वर्ष 2009 के आम चुनाव में भी उन्‍हें भाजपा उम्‍मीदवार के खिलाफ हार मिली।
 
वर्ष 2014 में उन्हें कांग्रेस का राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वर्ष 2018 में वे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रमुख रहे। भूपेश बघेल कई वर्षों से जन विवाह समारोह आयोजित करते आ रहे हैं। हाल ही में हुए छत्‍तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 में बघेल ने पाटन सीट से विजय हासिल की है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

विक्रमसिंघे ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली