Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अटल, आडवाणी से लेकर अमित शाह तक गांधीनगर ने दिग्गजों को भेजा लोकसभा

क्यों भाजपा के दिग्गजों की पहली पसंद है गुजरात की यह सीट?

हमें फॉलो करें gandhinagar loksabha seat

नृपेंद्र गुप्ता

, शनिवार, 24 फ़रवरी 2024 (12:50 IST)
Gandhinagar loksabha seat : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा समेत सभी दल कमर कस चुके हैं। इस चुनाव में देशभर की नजरें गुजरात की गांधीनगर सीट पर लगी हुई है। यहां के सांसद अमित शाह चुनावी रणनीति बनाने में माहिर है। उन्हें भाजपा का चाणक्य कहा जाता है। देश के गृहमंत्री शाह का एक बार फिर गांधीनगर से चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। यह सीट भाजपाई दिग्गजों की पहली पसंद है। पिछले 35 सालों से पार्टी यहां से लगातार चुनाव जीत रही है।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष शाह भाजपा के टॉप 3 स्टार प्रचारकों में से एक है। ऐसे में उन्हें देशभर में पार्टी के लिए प्रचार करना होगा। साथ ही उन पर पार्टी को वे सीटें जिताने की भी जिम्मेदारी है, जहां भाजपा की स्थिति कमजोर मानी जाती है।
 
क्या है सीट पर जातीय समीकरण : गांधीनगर लोकसभा सीट पर वाघेला और पटेल बिरादरी का वर्चस्‍व है। दोनों को ही भाजपा का कोर वोटर माना जाता है।
 
रिकॉर्ड मतों से जीते अमित शाह : 2019 का लोकसभा चुनाव में अमित शाह को 8 लाख 94 हजार 624 वोट मिले थे जबकि कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सीजे चावड़ा मात्र 3 लाख 37 हजार 610 वोट ही हासिल कर सके थे। इस तरह भाजपा ने यह सीट 5 लाख 57 हजार से ज्यादा वोटों से जीती थी।
 
गांधीनगर लोकसभा सीट का इतिहास : 1967 से 1977 तक गांधीनगर सीट पर कांग्रेस का कब्जा रहा। 1977 से 1980 तक भारतीय लोकदल ने यहां से चुनाव जीता। 1980 से 1989 तक यहां फिर कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत हासिल की।
 
1989 में वरिष्ठ भाजपा नेता शंकरसिंह वाघेला ने इस सीट से संसद में प्रतिनिधित्व किया। 1996 में इस सीट से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी भी लोकसभा जा चुके हैं। लालकृष्‍ण आडवाणी ने 1998 से 2014 तक लगातार इस लोकसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।
कितनी चुनौती दे पाएगी कांग्रेस : गुजरात की 26 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और आप के बीच सीट शेयरिंग पर बात बनती नजर आ रही है। कांग्रेस ने भरूच और भावनगर सीट आप को दी है और शेष 24 सीटों पर खुद चुनाव लड़ेगी। ऐसे में यह साफ है कि गांधीनगर सीट पर कांग्रेस ही उम्मीदवार खड़ा करेगी। बहरहाल अगर यहां से अमित शाह चुनाव लड़ते हैं तो कांग्रेस के लिए मुकाबला बेहद मुश्किल रहेगा।
 
19.45 लाख मतदाता : 1967 में बनी इस सीट पर 19 लाख 45 हजार 149 मतदाता है। इनमें से 9 लाख 41 हजार 434 पुरुष मतदाता हैं जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 10 लाख 04 हजार 291 हैं। 
 
भारत का दूसरा सबसे प्लान्ड शहर है गांधीनगर : गांधीनगर को चंडीगढ़ के बाद भारत का दूसरा प्लान्ड शहर माना जाता है। साबरमती नदी के तट पर स्थित गुजरात की राजधानी का नाम गांधीजी के नाम पर रखा गया है। इस शहर को हरित नगर या ग्रीन सिटी भी कहा जाता है। 
 
7 विधानसभा सीटों से मिलकर बनी है गांधीनगर लोकसभा सीट : गांधीनगर लोकसभा सीट में 7 विधानसभा सीट है। इनमें उत्तर गांधीनगर, कलोल, सानंद, घाटलोदिया, वेजलपुर, नारनपुरा और साबरमती शामिल है। इन सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कांग्रेस और AAP में सीट शेयरिंग पर बनी बात, कौन कहां से लड़ेगा चुनाव?