Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

नीतीश को नहीं दिख रही मोदी की 'आंधी'-सुशील मोदी

हमें फॉलो करें नीतीश को नहीं दिख रही मोदी की 'आंधी'-सुशील मोदी
पटना , सोमवार, 9 दिसंबर 2013 (22:41 IST)
FILE
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चार राज्यों के चुनाव परिणाम पर दी गई प्रतिक्रिया पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने नीतीश पर प्रहार करते हुए कहा कि शतुरमुर्गी नीति अपनाने के कारण उन्हें भाजपा और नरेन्द्र मोदी की आंधी दिखाई नहीं पड़ रही है।

सुशील ने कहा कि जिस तरह से शतुरमुर्ग आंधी आने पर अपना सिर मिट्टी में छुपा लेता है और समझता है कि आंधी आई ही नहीं है, ठीक उसी प्रकार नीतीश कुमार बनावटी हवा की बात करके आंधी को नकार रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा के हित में है, वह इसी गलतफहमी के शिकार रहे। भाजपा को इसका लाभ ही मिलेगा।

सुशील ने दावा किया कि चार राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा और उसके प्रधानमंत्री पद के लोकप्रिय उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी की आंधी चल रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के समर्थकों ने साफ तौर पर कहा है कि प्रधामंत्री पद के लिए नरेन्द्र मोदी उनकी पहली पसंद हैं।

नीतीश कुमार के यह कहे जाने पर कि नरेन्द्र मोदी के कारण भाजपा दिल्ली में सरकार बनाने में कामयाब नहीं रही, सुशील ने दावा किया कि भाजपा की इस शानदार जीत में नरेन्द्र मोदी की बड़ी भूमिका रही है। नरेन्द्र मोदी दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं थे। दिल्ली ही पूरा देश नहीं है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में दो तिहाई और राजस्थान की तीन चौथाई सीटों पर भाजपा ने कब्जा करके एक तरह से कांग्रेस का सफाया कर दिया है। कठिन माहौल के बावजूद छत्तीसगढ़ में भाजपा ने तीसरी बार बहुमत हासिल किया है। दिल्ली में भी भाजपा ने सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जीत दर्ज की है। क्या यह आंधी नहीं है? (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi