Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अरविंद केजरीवाल के समर्थन में पत्नी सुनीता का WhatsApp अभियान, लोगों से की यह अपील...

हमें फॉलो करें अरविंद केजरीवाल के समर्थन में पत्नी सुनीता का WhatsApp अभियान, लोगों से की यह अपील...

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , शुक्रवार, 29 मार्च 2024 (18:56 IST)
Wife Sunita's WhatsApp campaign in support of Arvind Kejriwal : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को 'केजरीवाल को आशीर्वाद' अभियान की शुरुआत करते हुए लोगों से अपने पति का समर्थन करने की अपील की जो दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में हैं।
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री का समर्थन करने का आग्रह : सुनीता ने एक डिजिटल प्रेस वार्ता में कहा कि उनके पति ने देश में ‘सबसे भ्रष्ट और तानाशाही ताकतों’ को चुनौती दी है। उन्होंने लोगों से अपने आशीर्वाद और प्रार्थनाओं के माध्यम से दिल्ली के मुख्यमंत्री का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने दो वॉट्सऐप नंबर जारी करते हुए कहा कि लोग आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक के लिए अपने आशीर्वाद,  प्रार्थनाएं या अन्य कोई संदेश भेज सकते हैं और वह अपने पति तक उन्हें पहुंचा देंगी।
वह सच्चे देशभक्त हैं : सुनीता ने कहा, कल, अरविंद ने अदालत में अपना पक्ष रखा और पूरे देश ने इसे सुना। अगर आपने नहीं सुना है तो कृपया एक बार सुनिए। उन्होंने अदालत के सामने जो कहा है उसके लिए बहुत साहस चाहिए। वह सच्चे देशभक्त हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ठीक उसी तरह लड़ रहे हैं, जिस तरह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों के अत्याचारों से लड़ाई लड़ी थी।
 
हम मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे : सुनीता ने कहा, मैं उनके साथ पिछले 30 साल से हूं। उनके रोम-रोम में देशभक्ति है। अरविंद ने देश की सबसे शक्तिशाली, भ्रष्ट और तानाशाही शक्तियों को चुनौती दी है। उन्होंने कहा, यदि कोई किसी तरह का संदेश भेजना चाहता है तो वे भेज सकते हैं। आपने अरविंद को अपना भाई, बेटा कहा है। क्या आप अपने भाई, अपने बेटे को इस लड़ाई में समर्थन नहीं देंगे? मुझे पूरा विश्वास है कि हम मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे।
सुनीता ने कहा कि कई माताओं ने अपने बेटे केजरीवाल के लिए प्रार्थना की है, कई बहनों ने अपने भाई के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि वे लिखकर अपनी दुआएं भेजें। उन्होंने कहा, मुझे कई लोगों के इस तरह के फोन भी आए कि वे अरविंद के लिए उपवास कर रहे हैं। लोग उन्हें इतना प्यार करते हैं। ये सारी बातें लिखकर भेजिए। अगर आपको कुछ और कहना है, कोई और बात आपके दिमाग में आती है तो उसे लिखिए और दिए गए वॉट्सऐप नंबर पर भेजिए।
 
मैं उन्हें हिरासत में आपका हर संदेश पहुंचाऊंगी : सुनीता ने प्रत्‍येक परिवार के हर सदस्य से इस अभियान में भाग लेने को कहा। उन्होंने कहा, अरविंद आपके संदेश पढ़कर बहुत खुश होंगे। मैं उन्हें हिरासत में आपका हर संदेश पहुंचाऊंगी। और आपको उन्हें संदेश भेजने के लिए आम आदमी पार्टी से जुड़े होने की जरूरत नहीं है। आप किसी भी दल से हो सकते हैं।
सुनीता ने कहा, सभी युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों, अमीरों, गरीबों, सभी को अपने भाई, अपने बेटे अरविंद जी के लिए कुछ लिखना चाहिए और दिए गए वॉट्सऐप नंबरों का व्यापक प्रचार भी करना चाहिए। दिए गए नंबरों पर संदेश भेजने पर सुनीता केजरीवाल की ओर से जवाब आता है, केजरीवाल जी के लिए आपका संदेश मिला। इसके लिए हृदय से आभार। मैं आपके संदेश उन तक पहुंचाऊंगी और आपको सूचित करूंगी।
 
केजरीवाल को ईडी ने धनशोधन मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था और गुरुवार को एक अदालत ने ईडी की उनकी हिरासत एक अप्रैल तक बढ़ा दी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

क्या है पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान की नवजात बेटी का नाम?