Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Weather Update : राजस्थान-दिल्ली समेत कई राज्यों में प्रचंड गर्मी का अलर्ट, नजफगढ़ में पारा 47 के पार

IMD ने बताया कब तक मिलेगी गर्मी से राहत

हमें फॉलो करें Weather Update : राजस्थान-दिल्ली समेत कई राज्यों में प्रचंड गर्मी का अलर्ट, नजफगढ़ में पारा 47 के पार

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , शनिवार, 18 मई 2024 (19:50 IST)
Weather Update :  उत्तर-पश्चिम भारत के विभिन्न हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी अगले 5 दिन और जारी रहने का अनुमान है और दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व उत्तरप्रदेश में इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ने की आशंका है। उत्तर भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में रहे, पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो देश में इस मौसम में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। अमेरिका स्थित जलवायु वैज्ञानिकों के एक समूह 'क्लाइमेट सेंट्रल' ने कहा कि भारत में 54 करोड़ 30 लाख लोगों को 21 मई तक कम से कम एक दिन अत्यधिक गर्मी महसूस होगी।
 
इसके अलावा हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले, 30 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को अगले पांच दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने और अगले तीन दिन के दौरान पूर्वी व मध्य क्षेत्रों में लू चलने का अनुमान जताया।
 
मौसम कार्यालय ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम राजस्थान के लिए 'रेड' अलर्ट जारी किया है, जिसमें स्वास्थ्य के लिहाज से “संवेदनशील लोगों के लिए अत्यधिक देखभाल” की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
 
बीमारियां बढ़ने की चेतावनी : आईएमडी ने पूर्वी राजस्थान, उत्तरप्रदेश और बिहार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर शिशुओं, बुजुर्गों व पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों समेत संवेदनशील लोगों की "उच्च स्वास्थ्य देखभाल" पर जोर दिया। भारत में आम चुनावों के मद्देनजर विशेषज्ञों ने लंबे समय तक धूप में रहने वाले या भारी काम करने वाले लोगों में गर्मी से संबंधित बीमारियां बढ़ने की चेतावनी दी है।
 
क्लाइमेट सेंट्रल में विज्ञान विभाग के उपाध्यक्ष एंड्रयू पर्सिंग ने कहा कि मानव-जनित जलवायु परिवर्तन ने इस भीषण गर्मी को और अधिक विकराल बना दिया है। रात का उच्च तापमान जलवायु परिवर्तन को विशेष रूप से खतरनाक बना देता है।
पंजाब-हरियाणा में गर्मी का प्रकोप : पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले चार से पाँच दिन भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के फजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में तीव्र लू चलेगी और पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरण तारण, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली और मलेरकोटला में भी गरम हवाएं चलेंगी। इनपुट भाषा 
 
हरियाणा में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, भिवानी और चरखी दादरी में तीव्र लू चलने और पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, फतेहाबाद, हिसार और जींद में लू से तीव्र लू चलने की आशंका है।
चंडीगढ़ में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तापमान इस दौरान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस भी जा सकता है।
 
गर्मी से बचने की सलाह : लोगों से इस दौरान घरों से बाहर कम निकलने अथवा छतरी, टोपी या कपड़े से सिर ढंक कर निकलने, ज्यादा समय धूप में रहने से बचने, पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। गर्मी के प्रति ज्यादा संवेदनशील जैसे शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारी वाले लोगों को गर्मी के संपर्क में कम आने की भी सलाह दी गयी है। इसके अलावा फसलों पर गर्मी का प्रभाव कम करने के लिए सुबह और शाम सिंचाई करने का सुझाव भी दिया गया है। एजेंसियां


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ममता बनर्जी का दावा, 200 भी पार नहीं कर पाएगी BJP, सत्ता में आएगा विपक्षी गठबंधन