Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मौसम अपडेट : 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, अगले दो दिन में मानसून पूरे देश में

हमें फॉलो करें मौसम अपडेट : 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, अगले दो दिन में मानसून पूरे देश में
नई दिल्ली , शुक्रवार, 29 जून 2018 (15:41 IST)
नई दिल्ली। मौसम विभाग का अनुसार, दक्षिण- पश्चिम मानसून गुजरात के कुछ अन्य हिस्सों, पूर्वी राजस्थान के अधिकतर हिस्से, पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्से, पूरे हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तरप्रदेश के शेष हिस्से, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश की वजह से शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। ये यात्रा दो दिन में दूसरी बार रोकी गई।
 
मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो- तीन दिनों में यह पूरे देश को कवर कर लेगा, यानी तय समय से एक पखवाड़े पूर्व ही पूरे देश में मानसून पहुंच जाएगा।
 
कश्मीर में भारी बारिश, अमरनाथ यात्रा रूकी : कश्मीर घाटी में गुरुवार रात से हो रही भारी बारिश से सड़कों पर फिसलन के कारण शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अमरनाथ गुफा के लिए पारंपरिक मार्ग पहलगाम और नजदीकी मार्ग बालटाल से यात्रा स्थगित कर दी गई है। दोनों ही मार्ग पर किसी भी श्रद्धालु को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई है। गुरुवार शाम तक जो श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं उन्हें वहीं रोक दिया गया है। मौसम में सुधार के बाद ही अमरनाथ यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना होने की अनुमति दी जाएगी।
 
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने तटीय और दक्षिणी कर्नाटक, महाराष्ट्र का कोंकण, गोवा, केरल, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तरी गुजरात, तेलंगाना में शनिवार तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
 
दिल्ली को वायु प्रदूषण से राहत : दिल्ली वासी करीब एक साल के बाद इस हफ्ते स्वच्छ वायु में सांस ले सकेंगे। मानसूनी बारिश और हवा ने राष्ट्रीय राजधानी की वायु की गुणवत्ता को संतोषजनक स्तर पर पहुंचाया है। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून के चलते दिल्ली में शुक्रवार को भारी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद लोगों को ना केवल गर्मी से बल्कि वायु प्रदुषण से भी राहत मिली। 
 
उत्तर प्रदेश के गांव में उल्का जैसी चीजें गिरी : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के कसौली गांव में कल रात आसमान से दो ज्वलनशील पिंड गिरे। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों उल्का पिंड हैं। 
 
उप-मंडलीय मजिस्ट्रेट कुमार धर्मेन्द्र ने बताया कि गुरुवार रात चरथावल थाना क्षेत्र के गांव में बारिश के बाद तेज आवाज के साथ दो पत्थर गिरे। उन्होंने बताया कि दोनों पत्थरों को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है और इसके उल्का पिंड होने के बारे में विशेषज्ञ ही बता सकते हैं। 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

संजय दत्त : AK56 की बरामदगी से लेकर फिल्म 'संजू' तक की खास तारीखें...