Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

राहुल गांधी अभी भी बहुत पीछे हैं मोदी से, क्या कहता है सर्वेक्षण

हमें फॉलो करें राहुल गांधी अभी भी बहुत पीछे हैं मोदी से, क्या कहता है सर्वेक्षण
, गुरुवार, 16 नवंबर 2017 (20:05 IST)
नई दिल्ली। नोटबंदी और अन्य निर्णयों को लेकर विपक्ष भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कितनी भी आलोचना कर रहा हो, लेकिन एक हालिया सर्वेक्षण के अनुसार कार्यकाल के तीन वर्ष पूरा होने पर लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। 
 
अमेरिका के प्यू रिसर्च सेंटर के इस सर्वेक्षण के नतीजों से पता चला है कि देश में 2014 में सत्ता संभालने के बाद से मोदी की लोकप्रियता में अभी तक कोई कमी नहीं आई है। सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार, पांच वर्ष के लिए चुनी गई मोदी सरकार के तीन वर्ष पूरा होने पर भले ही हनीमून काल समाप्त हो गया हो, लेकिन लोगों का मोदी के प्रति प्यार बढ़ता ही जा रहा है।
 
इस वर्ष 21 फरवरी से 10 मार्च के बीच प्रधानमंत्री का लोकप्रियता का अनुमान लगाने के लिए किए गए इस अध्ययन में सामाजिक-आर्थिक नीतियों पर नागरिकों की राय ली गई। कुल 2464 लोगों के इस सर्वेक्षण में देश के हर हिस्से से हर आयु वर्ग के लोगों से बातचीत की गई। लोगों की सामूहिक राय थी कि तमाम विवादों के बावजूद लोकसभा चुनावों के समय मोदी की लोकप्रियता जिस स्तर पर थी, वह आज भी बरकरार है।
  
रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी और दक्षिण भारत में मोदी की लोकप्रियता में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उत्तर भारत में यह जस की तस बनी हुई है। वहीं पूर्वी भारत में इसमें कुछ कमी दर्ज की गई है। कुल मिलाकर प्रत्येक 10 में सात व्यक्ति देश के वर्तमान स्थिति से खुश हैं।
 
सर्वेक्षण के अनुसार, भारतीय मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों से खुश हैं। प्रत्येक 10 में से आठ लोग देश की आर्थिक स्थिति को बेहतर मानते हैं। करीब 30 प्रतिशत लोगों ने आर्थिक स्थिति को बहुत अच्छा बताया है जबकि तीन साल पहले आर्थिक स्थिति को बहुत अच्छा बताते वालों की संख्या महज़ 10 फीसदी थी। प्रत्येक 10 में से सात भारतीय ने सरकार के गरीबी, बेराजगारी, आतंकवाद और भ्रष्टाचार पर उठाए गए कदमों की सराहना की। 
 
सर्वेक्षण में शामिल 79 प्रतिशत लोग लोकतंत्र की वर्तमान कार्यप्रणाली से संतुष्ट हैं। वहीं 33 प्रतिशत बहुत संतुष्ट हैं। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस को वोट देने वालों में से 65 प्रतिशत लोगों ने भी भारतीय लोकतंत्र की वर्तमान स्थिति पर संतोष जाहिर किया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय नेताओं एवं अन्य देशों से मोदी के संबंधों के बारे में लगभग एक तिहाई लोगों ने कोई राय व्यक्त नहीं की।
 
सर्वेक्षण में एक और दिलचस्प तथ्य सामने आया है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकप्रियता के मामले में अपनी मां एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बराबरी कर ली है जबकि मोदी लोकप्रियता के पैमाने पर इन दोनों से 31 अंक ऊपर हैं। (एजेंसियां)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

हार्दिक को बड़ा झटका, एक और पटेल भाजपा में