Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

राहुल का प्रहार, भाजपा को वोट देना आत्‍मघाती होगा...

हमें फॉलो करें राहुल का प्रहार, भाजपा को वोट देना आत्‍मघाती होगा...
, शुक्रवार, 16 फ़रवरी 2018 (20:51 IST)
अगरतला। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा प्रहार करते हुए उन पर  झूठे वादे करने का आरोप लगाया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी को वोट देना त्रिपुरा के लिए आत्मघाती सिद्ध होगा। गांधी ने राज्य के विभिन्न स्थानों पर सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 'हिंदू आतंकवाद' देश पर गंभीर खतरा बना हुआ है।


उन्होंने लोगों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में वोट देने की अपील की। गांधी ने भाजपा और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों की संवैधानिक लोकतंत्र में आस्था नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा ने त्रिपुरा में पिछले 25 साल 'कुशासन' किया और विकास के कोई काम नहीं किए। उन्होंने भाजपा पर 'मतदाताओं को पैसे के बल पर खरीदने' का आरोप लगाते हुए कहा कि इसको चुनना लोकतंत्र के लिए नुकसानदेह होगा।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में धनबल का प्रयोग करते हुए भाजपा पैसे के बल पर मतदाताओं को खरीदने के प्रयास में है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इससे पहले भी हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात और पूर्वात्तर के अन्य राज्यों में भी धनबल की मदद ले चुकी है।

गांधी ने कहा कि देश प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी के झूठे और फरेबी वादों से अवगत हो चुका है। उन्होंने कहा कि चार साल बीतने के बाद भी युवकों के लिए रोजगार के अवसर नहीं सृजित हो पाए और किसानों की स्थिति दयनीय बनी हुई है।

गांधी ने कहा, भाजपा नेता एक के बाद एक झूठ बोलते जा रहे हैं। चाहे लोगों के बैंक खातों में 15 लाख रुपए जमा करने की बात हो या किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने की बात या फिर सड़कों के निर्माण की बात हो। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने सत्ता में आने पर प्रत्‍येक नागरिक के खाते में 15 लाख जमा करने का वादा किया था। लाखों युवक बेरोजगार हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी उनके बारे में कोई चर्चा तक नहीं करते।

कांग्रेस का माकपा के साथ अंदरुनी राजनीतिक सांठगांठ होने के भाजपा के आरोपों को साफ खारिज करते हुए गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी ताकत के साथ वाम और भाजपा के साथ संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का इंडिजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा के साथ गठबंधन राज्य के लोगों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में अपने वादे निभाने में विफल रही है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार और आधार जैसी जन केंद्रीत योजनाएं कांग्रेस की देन हैं। उन्होंने भाजपा पर लगातार 'झूठ' बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसने लोगों के समक्ष किए वादों का कभी सम्मान नहीं किया। गांधी ने कहा, कांग्रेस माकपा का अकेला विकल्प है, ना कि भाजपा।

उन्होंने कहा कि मोदी और उनकी टीम के सभी लंबे वादे छलावा हैं। मैं आप सबको आश्वस्त करता हूं कि अगले आम चुनाव में लोग भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देंगें, क्योंकि उनकी सभी गतिविधियां गरीब विरोधी और कॉर्पोरेट जगत की पसंद वाली हैं। इससे पूर्व गांधी नई दिल्ली से यहां पहुंचे।

कैलाशहार से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, गांधी ने वहां एक सभा को संबोधित करते कहा कि मोदी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि वह मतदाताओं के समक्ष झूठे वादे करने में महारत हासिल किए हुए है। उन्होंने कहा कि मोदी वादे तो कर देते हैं और उसे आसानी से भूल जाते हैं। त्रिपुरा में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। 60 सदस्‍यीय विधानसभा के लिए आगामी रविवार को मतदान होना है।

हालांकि कांग्रेस में विभिन्न स्तरों पर निराशा का फायदा भाजपा के पक्ष में होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मोदी ने गुरुवार को चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और माकपा को एक ही सिक्के का दोनों पहलू बताते हुए कहा था कि चुनाव लड़कर कांग्रेस वाम विरोधी वोटों की सहायता से राज्य में माकपा उम्मीदवारों की ही मदद कर रही है। माकपा 1993 के बाद से अबतक पिछले 25 वर्षों से राज्य में सत्तारुढ़ है। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

भारतीय महिला टीम ने टी20 में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से धोया