Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भव्य आतिशबाजी के साथ ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में नए साल 2019 का स्वागत

हमें फॉलो करें भव्य आतिशबाजी के साथ ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में नए साल 2019 का स्वागत
, मंगलवार, 1 जनवरी 2019 (00:20 IST)
सिडनी/ ऑकलैंड/ दिल्ली। जैसे ही घड़ी की सूइयों के कांटे ने रात 12 बजे के अंक को स्पर्श किया, वैसे ही ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 2019 के नए साल ने दस्तक दे दी। सिडनी और ऑकलैंड के लोगों ने जश्न के साथ नववर्ष का स्वागत किया। इस मौके पर जमकर आतिशबाजी हुई और आसमान रोशनी से नहा उठा।
 
 
भारत में जब 2019 के आगमन में करीब 3.15 घंटे का वक्त था, तब ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में रात हो चुकी थी। घड़ी ने जैसे ही 12 बजाए, वैसे ही हजारों लोगों ने एक-दूसरे को 'हैप्पी न्यू ईयर' कहकर बधाइयां दीं। ऑकलैंड में स्काई टावर से हुई आतिशबाजी का हजारों लोगों ने लुत्फ उठाया। जब टावर से आतिशबाजी हो रही थी, तब काफी समय तक आसमान रोशनी में डूबा रहा।
webdunia
सिडनी हार्बर पर जश्न देखते ही बनता था। यहां पर लाल, नीली और सफेद रोशनी के साथ जमकर आतिशबाजी की गई। यही हाल ऑकलैंड में भी रहा। यहां पर भी लोगों ने आतिशबाजी करके नए साल का खुशियों के साथ स्वागत किया।

12 मिनट तक जगमगाता नजर आया आसमान : ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े शहर सिडनी में नए साल के स्वागत में यहां की सबसे बड़ी आतिशबाजी की गई और दुनियाभर में जश्न का सिससिला चल पड़ा। शहर का आसमान पटाखों से 12 मिनट तक जगमगाता नजर आया। 
 
15 लाख से अधिक लोगों ने लुत्फ उठाया : विभिन्न समुद्रतटीय स्थलों और पार्क में जुटे 15 लाख से अधिक लोगों ने भव्य आतिशबाजी के इस नजारे का लुफ्त उठाया। तेज बारिश भी जश्न मनाने वालों का उत्साह फीका नहीं कर पाई। ये लोग विभिन्न जगहों पर एकत्र हुए थे। उनमें से कुछ तो तड़के से जमे थे।

उत्तर कोरिया में आया नया साल : उत्तर कोरिया में नए साल ने दस्तक दे दी। उत्तर कोरिया के प्योंगयांग शहर में जोश के साथ 2019 का स्वागत किया गया। जबरदस्त ठंड के बाद भी हजारों लोग एक संगीत कार्यक्रम में झूमे, जहां रोशनी और लेजर शो के जरिए नए साल का स्वागत किया जा रहा था। लोग आसमान की तरफ हाथ हिलाकर 2018 को गुडबाय कर रहे थे और नए साल का स्वागत कर रहे थे। यहां के लोगों ने झूमते और गाते हुए नववर्ष के आगमन का इस्तकबाल किया।
webdunia
हांगकांग और बैंकॉक में भी जश्न : 2019 का साल हांगकांग और बैंकॉक भी पहुंच गया है, जहां लोगों ने जोश के साथ 2019 का स्वागत किया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी करके लोगों ने अपनी खुशी का इजहार किया। इस वक्त हांगकांग और बैंकॉक दोनों ही देश रोशनी से जगमग हैं।

भारत में भी जश्न : रात 12 बजने के साथ ही पूरे देश में 2019 के साल का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। 2019 के आगाज़ के साथ ही देशभर में जश्न मनाया जा रहा है। लोगों ने आतिशबाजी से आसमान को रोशन किया। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार भारत में भी नया साल शुरू हो गया है। यही नहीं, कई लोग सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए और नए साल की बधाइयां देने लगे। 
webdunia
भारत में बड़े-बड़े शहरों में पार्टी का माहौल देर शाम से ही बनना शुरू हो गया था। खासकर युवा वर्ग इसी का और इंतजार कर रहा था कि कब 12 बजे और वे नए साल का जश्न के साथ स्वागत करें। मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, पुणे, चेन्नई के साथ ही देश के कई बड़े शहरों में नववर्ष की धूम रही। लोग सड़कों पर हुजूम के साथ उतरे हैं और यह जश्न आधी रात तक चलने वाला है। पुणे में कई जगह लोगों ने अपनी बिल्डिंग के नीचे नए साल की पार्टी की।
 
मध्यप्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर में भी नए साल को लेकर नए साल के आगमन का जश्न मनाकर स्वागत किया। राजबाड़ा पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे जबकि ट्रेजर आईलैंड (टीआई) और 21 सी मॉल के सामने इतनी भीड़ हो गई कि चक्काजाम होने की खबर है। (वेबदुनिया न्यूज/एजेंसी)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

सीसीटीवी फुटेज में सऊदी पत्रकार खशोगी के शव के टुकड़े बैग में ले जाते दिखे थे लोग