Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

गर्मी के तेवर होंगे और भी तीखे, तापमान 40 डिग्री के पार, IMD ने जारी किया अलर्ट

मध्‍यभारत में तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की आशंका

हमें फॉलो करें गर्मी के तेवर होंगे और भी तीखे, तापमान 40 डिग्री के पार, IMD ने जारी किया अलर्ट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, गुरुवार, 11 अप्रैल 2024 (08:51 IST)
Weather Updates: गर्मी (summer) के मौसम के नित नए रंग देखने को मिल रहे हैं। हर दिन मौसम बदलते व तीखा होते जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा अलर्ट (alert) जारी किया है। देश के मैदानी और दक्षिणी हिस्‍सों में  भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विज्ञानियों ने मध्‍यभारत से लेकर विदर्भ और उच्‍च पर्वतीय प्रदेशों में बारिश के साथ ओलावृष्टि (rain and hailstorm) की आशंका जताई है।
 
धूलभरी आंधी चलने का अनुमान : देश के कुछ हिस्‍सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने का भी अनुमान है। दूसरी तरफ गुजरात और राजस्‍थान के कई शहरों में तापमान 40 के ऊपर रहा। राजकोट में तो अधिकतम तापमान तकरीबन 42 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि बाड़मेर का तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने 13 से 15 अप्रैल के बीच उत्‍तर-पश्चिम भारत में तेज गरज के साथ हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। साथ ही तेज हवा और ओलावृष्टि होने की भी बात कही गई है। मध्‍यभारत में 12 अप्रैल तक तेज गरज के साथ हल्‍की से मध्‍यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।
 
मध्‍यभारत में तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की आशंका : मध्‍यभारत के कई हिस्‍सों में तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। उत्‍तर-पश्चिम और मध्‍यभारत के अधिकांश हिस्‍से इन दिनों झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में हैं। मौसम के रुख में बदलाव से गर्मी से कुद हद तक राहत मिलने की आशंका है।

 
10 राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार : देश के ज्यादातर इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। पिछले 24 घंटे के घंटे के दौरान महाराष्ट्र के जेऊर में सबसे ज्यादा 43 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया जबकि यूपी के प्रयागराज में 40.6, गुजरात के राजकोट में 42.1, राजस्थान के फलोदी में 41.4, मध्यप्रदेश के रतलाम में 41 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान, गुजरात, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, माहे और केरल के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच है। यहां पर अगले 24 घंटे के दौरान भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 
 
यहां पर चलेगी लू : मौसम विभाग के अनुसार कर्नाटक, तमिलनाडु, सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग स्थानों पर 11 अप्रैल तक हीटवेव (लू) चलेगी, वहीं बिहार में भी गर्मी का असर देखा जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी का असर देखा जा सकता है लेकिन लू नहीं चलेगी।

 
राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी : मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में भी गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में इस सप्ताह तापमान के लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है लेकिन राजधानी में लू नहीं चलेगी, क्योंकि 13 और 14 अप्रैल को गरज के साथ बारिश हो सकती हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 19 डिग्री सेल्सियस रहने की आशंका है।
 
MP के कई जिलों में अंधड़, बारिश व ओले गिरे : मध्यप्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंधी-बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहा। बुधवार को 10 से अधिक जिलों में ओले भी गिरे। भोपाल में 40 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चली। 2 घंटे में 1 इंच से अधिक बरसात हुई।

 
इंदौर में तापमान गिरा : इधर इंदौर में बुधवार दिनभर हवा चलने और बादलों की वजह से दिन के तापमान में और कमी आई। यह मंगलवार को 36.4 डिग्री था, जो बुधवार को घटकर 35.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। मौसम में बदलाव की वजह ईरान, पाकिस्तान होकर उत्तर भारत पहुंचने वाली लहर वेस्टर्न डिस्टरबेंस है। इस कारण मौसम लगातार बदल रहा है।
 
रायसेन में 5 हजार क्विंटल गेहूं भीगा : रायसेन जिले के 2,837 किसानों ने जो 25,186 टन गेहूं बेचा, उसमें से सिर्फ 17,332 टन गेहूं ही वेयर हाउस में सुरक्षित हो पाया है। 8 केंद्रों पर 5 हजार क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा है। अब इसी भीगे हुए गेहूं को वेयर हाउस में रखवाया जा रहा है जिससे इसके सड़ने की आशंका है।
 
मुंबई-नागपुर फ्लाइट इंदौर डायवर्ट : नागपुर में मौसम खराब के कारण मुंबई से नागपुर जा रही फ्लाइट को मंगलवार रात इंदौर डायवर्ट करना पड़ा। 182 यात्रियों को इंदौर में विमान में ही बैठाए रखा गया।
 
दक्षिण-पूर्व राजस्थान से लेकर मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कोंकण होते हुए तटीय कर्नाटक के उत्तरी हिस्सों तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक ट्रफ/हवा का विच्छेदन बना हुआ है। उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 0।9 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य महाराष्ट्र पर है।
 
पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में देखा जाता है जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। लगभग 30° उत्तर अक्षांश के 66 डिग्री पूर्व उत्तर में देशांतर के साथ चल रहा है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज गुरुवार से 12 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। 13 से 16 अप्रैल के बीच इसमें काफी वृद्धि हो सकती है। 13 से 15 तारीख के बीच उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बारिश और तूफान के साथ छिटपुट ओलावृष्टि हो सकती है।
 
राजस्थान में 10 से 15 अप्रैल के बीच बारिश और तूफान संभव है। अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें संभव हैं। पूर्वोत्तर भारत में भी हल्की बारिश हो सकती है। उत्तरी तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल में हल्की बारिश संभव है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

एक कॉल आएगा और ऐसे ट्रैप में फंसेंगे जैसे आप अपराधी हैं और ट्रांसफर कर देंगे करोड़ों