Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मौसम अपडेट : चक्रवाती तूफान से तबाही का अलर्ट, कई राज्‍यों में भारी बारिश की चेतावनी

हमें फॉलो करें मौसम अपडेट : चक्रवाती तूफान से तबाही का अलर्ट, कई राज्‍यों में भारी बारिश की चेतावनी
, शनिवार, 22 सितम्बर 2018 (09:59 IST)
चक्रवाती तूफान 'डेई' शुक्रवार की सुबह ओडिशा में गोपालपुर के पास समुद्री तट को पार कर गया, जिससे राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। जिसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को कई इलाकों में दोपहर को बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। अगले तीन दिनों में भी बारिश होने के आसार हैं। बरेली में बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं, जिससे कई क्षेत्रों में पेड़ उखड़ गए। हिमाचल प्रदेश में शनिवार से भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।


भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक एचआर विश्वास ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'डेई' 23 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया है और शुक्रवार सुबह दक्षिण ओडिशा तथा गोपालपुर के पास पड़ोसी राज्य आंध्रप्रदेश के तट को पार गया है।

यह पश्चिम-उत्तर पश्चिमोत्तर दिशा की ओर बढ़ता रहेगा और कमजोर हो जाएगा। चक्रवाती तूफान से गजपति, गंजम, पुरी, रायगढ़, कालाहांड़ी, कोरापुट, मल्कानगिरी, नवरंगापुर जिलों के कुछ स्थानों में भारी बारिश हुई है। इसके प्रभाव से रायगढ़, कालाहांड़ी, कोरापुट और नवरंगापुर जिलों में कई स्थानों पर शनिवार तक भारी बारिश होने के आसार हैं।

दिल्ली के कई इलाकों में बारिश, अगले तीन दिन भी बारिश के आसार : राजधानी में शुक्रवार को कई इलाकों में दोपहर को बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। हालांकि अधिकतर इलाकों में बारिश नहीं हुई लेकिन आसमान में बादल छाए रहने से मौसम में ठंडक बनी रही। अगले तीन दिनों में भी दिल्ली में बारिश होने के आसार हैं।

राजधानी में शुक्रवार को हुर्इ बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। शनिवार और रविवार को दिल्ली का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और इस बीच आंधी के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।

बरेली में बारिश के साथ चली तेज हवाएं, पेड़ उखड़े : शुक्रवार शाम को हुई हल्की बारिश के बाद देर रात भी बदरा बरसे। बारिश के साथ तेज हवा भी चली। हवा में बरेली शहर और आसपास क्षेत्र में कई पेड़ जड़ समेत उखड़ गए। शहर के बीचोंबीच कोहाड़ापीर मार्ग पर गुलाब राय इंटर कॉलेज के पास तेज हवा में उखड़ा पाकड़ का पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे आने जाने वालों को दिक्कतें झेलनीं पड़ीं। बारिश से मौसम और ठंडा हो गया। रात में सड़क पर घूमने से लग रहा है, जैसे सर्दी का मौसम शुरू हो गया हो।

हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी : प्रदेश में शनिवार से भारी बारिश होने की चेतावनी जारी हुई है। 22 से 24 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 26 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। 27 सितंबर से मौसम साफ होने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सितंबर के अंत तक हिमाचल से मानसून विदा होगा। भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रदेश में मौसम बदलना शुरू हो गया है। राजधानी शिमला और सोलन में शुक्रवार दोपहर बाद बादल बरसे। सोलन में नौ मिलीमीटर और शिमला में 1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

नरेन्द्र मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा, चुनाव से पहले देंगे कई सौगात