Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

वामपंथियों का विरोध कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार

हमें फॉलो करें वामपंथियों का विरोध कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार
, सोमवार, 9 अक्टूबर 2017 (14:13 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की केरल में आए दिन हो रही निर्मम हत्याओं के विरोध में भाजपा द्वारा आयोजित जनरक्षा यात्रा के दूसरे दिन सोमवार को यहां पुलिस ने माकपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की तेज बौछार की।
 
सोमवार की जनरक्षा यात्रा का नेतृत्व केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह और गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने किया  प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में तख्तियां और बैनर थाम रखे थे जिन पर केरल सरकार और राजनीतिक हत्याओं के विरोध में नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने केरल की वाममोर्चा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
 
इस बीच रक्षा यात्रा के विरोध में माकपा ने भी रैली निकाली। माकपा नेता प्रकाश करात और वृंदा करात ने रैली का नेतृत्व किया। करात ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा के लोग पिछले एक सप्ताह से माकपा कार्यालय के बाहर धरना दिए बैठे हैं, जिससे कार्यालय का कामकाज प्रभावित हो रहा है। हमने आज विरोध रैली केरल सरकार की छवि बिगाड़ने के लिए भाजपा के बेबुनियाद आरोपों की पोल खोलने के लिए निकाली है। भाजपा केरल सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है।
 
भाजपा की रक्षा यात्रा को देखते हुए पुलिस ने आज माकपा कार्यालय के बाहर पहले से ही सुरक्षा कड़ी कर रखी थी तथा चारों और बैरीकेड लगा दिए थे। प्रदर्शनकारी जैसे ही कार्यालय की ओर बढ़े पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया और जबरन हटाने की कोशिश की, लेकिन जब वह डटे रहे तो पुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
 
केरल में वाम मोर्चा की सरकार है, जहां आए दिन भाजपा और माकपा के कार्यकर्ताओं के बीच खूनी संघर्ष होता रहता है। हिसंक राजनीतिक झड़पों में अब तक भाजपा और संघ के करीब 120 लोग मारे जा चुके हैं। इन झड़पों में कई माकपा कार्यकर्ताओं की भी मौत हुई है। 
 
अपने पार्टी कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हत्या के विरोध में भाजपा ने तीन अक्टूबर को केरल के मुख्यमंत्री के गृह जिले कन्नूर से जन रक्षा यात्रा की शुरुआत की थी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इस यात्रा का आगाज किया था। शाह के नेतृत्व में रविवार को राजधानी में रक्षा यात्रा निकाली गई थी। जिसमें उन्होंने केरल की वाम सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा था कि राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के इशारे पर मारा जा रहा है। देश के अलग अलग हिस्सों में यह यात्रा 17 अक्टूबर तक चलेगी। (वार्ता)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मुठभेड़ में सूबेदार शहीद