Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

MP में 2 नाबालिग चचेरी बहनों से 7 लोगों ने किया गैंगरेप, वीडियो भी बनाया

हमें फॉलो करें MP में 2 नाबालिग चचेरी बहनों से 7 लोगों ने किया गैंगरेप, वीडियो भी बनाया
रीवा , मंगलवार, 8 अगस्त 2023 (13:43 IST)
Madhya Pradesh news: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में दो नाबालिग लड़कियों से सामूहिक बलात्कार के आरोप में पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
 
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर ने सोमवार को कहा कि घटना का एक वीडियो रविवार को सामने आया। करीब 25 दिन पहले हनुमना थाना क्षेत्र के अंतर्गत वन क्षेत्र में हुई इस घटना के सिलसिले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित चचेरी बहनें थीं, जिनकी उम्र 14 और 16 साल है। दोनों जंगल में बकरियों को चराने के लिए गई थीं।
 
अधिकारी ने बताया कि वहां घूम रहे कुछ लोगों ने कथित तौर पर लड़कियों से बलात्कार किया और वीडियो बनाया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पीड़ितों को धमकी दी थी कि अगर घटना के बारे में उन्होंने किसी को बताया तो वे वीडियो प्रसारित कर देंगे। सोनकर ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पीड़ितों का पता लगाया।
 
उन्होंने बताया कि लड़कियों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों की धमकी से वे डर गईं इसलिए उन्होंने इस संबंध में पहले कोई शिकायत नहीं की।
 
अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों और उनके परिवारों ने सोमवार को पुलिस से शिकायत की और बाद में 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उनमें से 5 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
 
उन्होंने कहा कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत सामूहिक बलात्कार और घटना का वीडियो बनाने तथा इसे प्रसारित करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। (भाषा)
 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पीएम मोदी ने भाजपा सांसदों को बताया, विपक्ष क्यों लाया अविश्वास प्रस्ताव?