Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

MP में वोटिंग से पहले दिखा शिवराज का अलग अंदाज, लाड़ली बहनों के घर पहुंच किया भोजन

हमें फॉलो करें MP में वोटिंग से पहले दिखा शिवराज का अलग अंदाज, लाड़ली बहनों के घर पहुंच किया भोजन
webdunia

विकास सिंह

, गुरुवार, 16 नवंबर 2023 (18:23 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अलग ही अंदाज में भाजपा के मुख्य चुनावी एजेंडे को चर्चा के केंद्र में लेकर आ गए। सीएम शिवराज राजधानी के सुनहरी बाग स्थित झुग्गी बस्ती पहुंचर लाड़ली बहनों के हाथों से बना खाना खाया। सीएम लाड़ली बहन आशा शर्मा के घर पहुंचे और घर में उगाई गई सब्जियों से भोजन किया। इस दौरान सीएम ने लाड़ली बहनों से मेल-मुलाकात कर उनका हाल चाल जाना और बच्चों से भी चर्चा कर उनकी पढ़ाई के बारे में चर्चा की।

बातचीत के दौरान एक छात्र ने बताया कि वह वकालात की पढ़ाई कर रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने पूछा कि मेधावी विद्यार्थी योजना का लाभ मिला है या नहीं। मुख्यमंत्री ने उसे आशीर्वाद देते हुए कहा अच्छे वकील बनो। इसके बाद सीएम टीलाजमालपुरा में रीता यादव, मोनिका यादव के घर पहुंचे और यहां भी उन्होंने भोजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बुधवार तक दिन रात काम में जुटे थे। आज फुरसत में था बहनों ने बुलाया तो मिलने चला आया। बहुत आनंद आ रहा है।

वहीं सीएम ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के दतिया में दिए बयान पर तंज कसते हुए कहा कि वह इतना नीचे उतर सकती हैं यह सोच नहीं सकता हूं।एक्टर बोलना और उसमें फिर कोई फिल्म मोदी के नाम पर बने। कोई मां के नाम पर बने। अब चुनाव एक्टिंग के लिए होता है क्या। चुनाव कोई सलमान खान के नाम पर होता है क्या। चुनाव विकास पर जनकल्याण पर होता है। लेकिन, अजब गजब हो गई है कांग्रेस कभी जय और वीरू के चुनाव करवा रहे हैं। कांग्रेस गंभीर नहीं है। हमारी सरकार डबल इंजन की सरकार है। लेकिन, कांग्रेस मनोरंजन कर रही है।

वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर तंज कसा है। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज जी मैंने सोचा था कि चुनाव प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद आप अपनी झूठ मशीन को थोड़ा विश्राम देंगे। लेकिन आपने आज कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी के ऊपर जैसे कपोल कल्पित और मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं, उससे "खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे" की कहावत याद आती है।

आप भूल गए कि आज आप जिन गद्दारों के सगे बन रहे हैं उनके लिए सबसे पहले विभीषण शब्द का प्रयोग आपने ही किया था। बल्कि आपको तो प्रियंका जी को धन्यवाद देना चाहिए कि उन्होंने आपके अभिनय की तारीफ की और 3 दिसंबर के बाद आपके लिए नया काम भी खोज दिया। कोई भला सोचे तो उससे झगड़ते नहीं है उसे धन्यवाद देते हैं।


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

गहलोत की गारंटी या मोदी फैक्टर, जानिए क्या है अजमेर जिले के मतदाता का रुख