Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

जुमलेबाजी से लेकर संविधान बदलो पत्र तक भाजपा के घोषणापत्र पर क्या बोला विपक्ष?

हमें फॉलो करें bjp sankalp patra

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, रविवार, 14 अप्रैल 2024 (15:16 IST)
BJP manifesto : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भाजपा का घोषणा पत्र जारी कर दिया। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, प्रियंका गांधी और आतिशी ने घोषणापत्र को लेकर भाजपा पर जमकर हमला बोला। किसी को घोषणापत्र में महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा नहीं दिखा तो किसी ने इसे जुमलेबाजी करार दिया। प्रियंका गांधी ने तो दावा किया कि भाजपा नेता संविधान बदलो पत्र लेकर घूम रहे हैं।
क्या बोले राहुल गांधी : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि भाजपा के मेनिफेस्टो और नरेंद्र मोदी के भाषण से दो शब्द गायब हैं - महंगाई और बेरोजगारी। लोगों के जीवन से जुड़े सबसे अहम मुद्दों पर भाजपा चर्चा तक नहीं करना चाहती। 
 
उन्होंने कहा कि INDIA का प्लान बिलकुल स्पष्ट है - 30 लाख पदों पर भर्ती और हर शिक्षित युवा को 1 लाख की पक्की नौकरी। युवा इस बार मोदी के झांसे में नहीं आने वाला, अब वो कांग्रेस का हाथ मज़बूत कर देश में ‘रोज़गार क्रांति’ लाएगा।
 
प्रियंका का बड़ा हमला : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र तो दिखावा है। इनका असली manifesto है संविधान बदलो पत्र। गली-गली, राज्य दर राज्य भाजपा के नेता, भाजपा के प्रत्याशी संविधान बदलो पत्र लेकर घूम रहे हैं और भाषणों में बाबासाहेब के संविधान को बदलने की बात कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा‍ कि याद रखिए, देश विरोधी, समाज विरोधी, लोकतंत्र विरोधी ये सारे षड्यंत्र बीजेपी पहले नीचे से ही शुरू करती है। शुरूआत में सबसे ऊपर के नेता पब्लिक के सामने संविधान की कसमें खाएँगे मगर रात में संविधान को खत्म करने की पटकथा लिखते हैं। बाद में पूरी सत्ता पाने पर संविधान पर हमला करेंगे। 
 
आतिशी ने बताया जुमला पत्र : आप नेता आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और BJP ने 10 साल में अपने जुमलों से देश को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि आज इस देश का युवा बेरोजगारी से परेशान है। आज इस देश की गृहणी महंगाई से परेशान है।
 
सिलेंडर का दाम 300 से 1200 हो गया, पेट्रोल का दाम 75 से 100 तक पहुंच गया, डीजल का दाम 55 से 90 तक पहुंच गया, बच्चों के लिए सरकारी स्कूल नहीं हैं, नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधा नहीं है। देश इस जुमला पत्र पर विश्वास नहीं करेगा।

तेजस्वी ने भी उठाए सवाल : राजद नेता और बिहार पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दावा किया कि भाजपा के घोषणा पत्र में कहीं भी नौकरी और रोजगार का ज़िक्र नहीं है और ना ही महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी को हटाने अथवा कम करने का जिक्र है।
 
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के घोषणा पत्र में देश के 60 फ़ीसदी युवाओं, 80 प्रतिशत किसानों और देश के लगभग छह लाख 40 हजार से अधिक गांवों के लिए कुछ भी नहीं है। बिहार सहित देश के पिछड़े और गरीब राज्यों के विकास एवं उत्थान के लिए भी भाजपा के घोषणा पत्र में कुछ नहीं है।
Edited by : Nrapendra Gupta 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

होशंगाबाद में पीएम मोदी बोले, कांग्रेस के घोषणापत्र में खतरनाक वादे