Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

विराट का दोहरा शतक, रोहित का शतक

हमें फॉलो करें विराट का दोहरा शतक, रोहित का शतक
नागपुर , रविवार, 26 नवंबर 2017 (09:40 IST)
नागपुर। कप्तान विराट कोहली (213) के पांचवें दोहरे शतक और रोहित शर्मा (नाबाद 102) के चार साल बाद बनाए गए शतक की बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को 405 रन की विशाल बढ़त बनाने के बाद अपनी पहली पारी छ: विकेट पर 610 रन के विशाल स्कोर पर घोषित कर दी। श्रीलंका ने स्टंप्स तक एक विकेट खोकर 21 रन बना लिए हैं और उसे पारी की हार से बचने के लिए अभी 384 रन और बनाने हैं।
 
विराट ने अपने करियर का दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोर और पांचवां दोहरा शतक बनाया। विराट ने 267 गेंदों पर 213 रन की पारी में 17 चौके और दो छक्के लगाए। रोहित का यह तीसरा टेस्ट शतक था जो चार साल के अंतराल के बाद जाकर बना। रोहित ने 160 गेंदों पर नाबाद शतक में आठ चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने अपना पिछला शतक नवंबर 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था।
 
भारत की पारी में कुल चार शतक बने। ओपनर मुरली विजय ने 128 और चेतेश्वर पुजारा ने 143 रन बनाए थे। भारतीय कप्तान अपने दोहरे शतक से 5000 टेस्ट रन की करीब भी पहुंच गए हैं। उनके अब 62 टेस्टों से 4975 रन हो गए हैं। ओवरऑल उनका यह 19वां टेस्ट शतक था और उनके कुल 51 अंतरराष्ट्रीय शतक हो चुके हैं।
 
विराट ने चेतेश्वर पुजारा के साथ तीसरे विकेट लिए 183 रन और रोहित के साथ पांचवें विकेट के लिए 173 रन की साझेदारी की। विराट ने रोहित का शतक पूरा होने के साथ ही भारत की पारी 610 रन के स्कोर पर घोषित कर दी। 
 
पहली पारी में 405 रन से पिछड़ने के बाद श्रीलंका की शुरुआत खौफनाक रही और ओपनर सदीरा समरविक्रमा तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा की दूसरी ही गेंद पर बोल्ड हो गए। समरविक्रमा ने गेंद को छोड़ दिया और गेंद ऑफ स्टंप के ऊपरी हिस्से को चूमती हुई उन्हें बोल्ड कर गई।  
 
श्रीलंका को पहले ओवर में ही करारा झटका लग गया लेकिन दिमुथ करुणारत्ने और लाहिरू तिरिमाने ने श्रीलंका को फिर कोई और नुकसान नहीं होने दिया और स्टंप्स तक स्कोर एक विकेट पर 21 रन पहुंचा दिया। स्टंप्स पर करुणारत्ने 11 और तिरिमाने नौ रन बनाकर क्रीज पर थे। 
 
भारत ने सुबह कल के 2 विकेट पर 312 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपनी पारी घोषित करने तक उसने चार विकेट गंवाकर अपने स्कोर में 298 रनों का इजाफा किया। पुजारा ने 121 और विराट ने 54 रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। पुजारा ने बड़े धैर्य के साथ सुबह का सत्र खेला और बेहद धीमी गति से रन बनाए। दूसरी तरफ विराट ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए रन बटोरने का सिलसिला जारी रखा।
 
पुजारा तीसरे विकेट के रूप में दासुन शनाका का शिकार बने। पुजारा का जब विकेट तो भारत का स्कोर 399 रन पहुंच चुका था। सुबह के सत्र में इस साझेदारी में बने 87 रनों में पुजारा का योगदान सिर्फ 22 रनों का रहा। अजिंक्य रहाणे स्टंप्स से बाहर की गेंद को खेलने की कोशिश में दिमुथ करुणारत्ने को आसान कैच दे बैठे। रहाणे ने दो रन बनाए। रहाणे को आउट होने के बाद इस बात का जरूर अफसोस रहा होगा कि क्यों उन्होंने ऐसा शॉट खेलने की जल्दबाजी की जबकि विकेट बल्लेबाजी के पूरी तरह अनुकूल हो चुका था।
 
इसके बाद मैदान में उतरे रोहित ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और चार साल के लंबे अंतराल के बाद अपना तीसरा शतक बना डाला। दूसरे छोर पर विराट के होने के कारण रोहित पर रनों की गति को लेकर कोई दबाव नहीं था। विराट मनमाने अंदाज में श्रीलंकाई गेंदबाजों के साथ जैसे खिलवाड़ करते हुए रन बटोर रहे थे। 
 
विराट ने अपने 100 रन 130 गेंदों में 10 चौकों की मदद से, 150 रन 193 गेंदों में 14 चौकों और एक छक्के की मदद से और चायकाल के बाद अपने 200 रन 259 गेंदों में 15 चौकों और दो छक्कों की मदद से पूरे कर लिए। रोहित के 50 रन 98 गेंदों में और 100 रन 160 गेंदों में पूरे हुए।
 
भारत के 400 रन 125.2 ओवर में, 500 रन 152.2 ओवर में और 600 रन 174.4 ओवर में पूरे हुए। भारत ने 600 रन के लिए 1048 गेंदें खेली। विराट अपना दोहरा शतक पूरा करने के बाद टीम के 583 के स्कोर पर आउट हुए। विराट का विकेट दिलरुवान परेरा और कैच करूणारत्ने ने लिया। करूणारत्ने ने रविचंद्रन अश्विन (5) को भी बोल्ड किया।
 
भारत की पारी छ: विकेट पर 610 रन पर घोषित होने के समय रोहित 102 रन पर और रिद्धिमान साहा एक रन पर नाबाद थे। परेरा 45 ओवर में 202 रन पर तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। लाहिरू गमागे ने 97 रन पर एक विकेट रंगना हेरात ने 81 रन पर एक विकेट और दासुन शनाका ने 103 रन पर 1 विकेट लिया। कोलकाता में पहले टेस्ट में सफल रहने वाले सुरंगा लकमल 29 ओवर में 111 रन देकर कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए। (वार्ता) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

नागपुर टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़, दसुन शनाका पर जुर्माना