Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

कपिल देव पर बन सकती है फिल्म

हमें फॉलो करें कपिल देव पर बन सकती है फिल्म
मुंबई , शनिवार, 23 सितम्बर 2017 (17:33 IST)
मुंबई। देश के पहले क्रिकेट विश्वकप विजेता कप्तान कपिल देव पर फिल्म बन सकती है और बॉलीवुड अभिनेता रणवीरसिंह सिल्वर स्क्रीन पर कपिल का किरदार निभाते नजर आ सकते हैं।
 
बॉलीवुड में इन दिनों बायोपिक और खेल पर आधारित फिल्मों का चलन जोरो पर है। 'मैरी कॉम', 'मिल्खा सिंह', 'एमएस धोनी' ,'मोहम्मद अजहरुद्दीन' और 'सचिन तेंदुलकर' के बाद अब इस फेहरिस्त में कपिल देव का नाम सामने आया है। निर्देशक कबीर खान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव की जिंदगी पर फिल्म बनाने वाले हैं।
 
चर्चा हो रही है कि फिल्म में कपिल देव का रोल रणवीरसिंह निभाएंगे। पहले चर्चा थी कि इसके लिए अर्जुन कपूर को अप्रोच किया गया है, लेकिन इस रोल के लिए शायद रणवीर ने बाजी मार ली है। रणवीरसिंह पहली बार किसी बायोपिक में काम करेंगे। बाजीराव मस्तानी और पद्मावती जैसी पीरियड फिल्मों के बाद रणवीर को एक क्रिकेटर के तौर पर रुपहले पर्दे पर देखना काफी दिलचस्प होगा।
                
बताया जा रहा है कि पिछले हफ्ते रणवीरसिंह और कबीर खान की मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच कई घंटे तक बातचीत हुई। कबीर खान की निर्देशित इस फिल्म को फैंटम फिल्म प्रोड्यूस करेगी।
          
उल्लेखनीय है कि कई वर्ष पहले कपिल ने बाकायदा एक प्रेस कांफ्रेंस कर यह घोषणा की थी कि उनके जीवन पर एक फिल्म बनेगी, लेकिन उस समय वह घोषणा परवान नहीं चढ़ सकी और घोषणा बनकर ही रह गई। अब लगता है कि देश के पहले विश्वकप विजेता कप्तान पर फिल्म बनने का सपना साकार हो सकता है। हालांकि उनसे पहले दूसरे विश्व विजेता कप्तान महेंद्रसिंह धोनी पर फिल्म बनकर सफलता भी हासिल कर चुकी है। (वार्ता)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

भारत ने सैफ टूर्नामेंट में भूटान को हराया