Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

व्हेल मछलियों के गीतों का एलबम आया

हमें फॉलो करें व्हेल मछलियों के गीतों का एलबम आया
, गुरुवार, 5 अप्रैल 2018 (14:59 IST)
वाशिंगटन। आर्कटिक सागर में रहने वाली धनुषाकार सिर वाली विशालकाय व्हेल या बोहैड मछलियां 200 साल तक जिंदा रहती हैं। छोटे छोटे जीवों को खाकर पलने वाली इन व्हेलों के बारे में एक और दिलचस्प बात पता चली है कि ये मछलियां पानी के भीतर गीत भी गाती हैं।
 
बोहैड व्हेलों का गीत सुनने वालों ने इन्हें बेहतरीन जैज आर्टिस्ट बताया है। शोधकर्ताओं ने 2010 से 2014 के ग्रीन लैंड के पूर्व में मौजूद सागर में करीब 300 व्हेलों पर रिसर्च कर माइक्रोफोन के जरिए उनका गाना सुना। रिसर्चरों ने इस दौरान बोहैड व्हेलों के गानों की रिकॉर्डिंग का एक बड़ा संग्रह जुटा लिया है। अलग अलग सुरों में सजे कुल 184 गीतों की पहचान की गई है। उल्लेखनीय है कि आमतौर पर नर प्रजनन के दौरान इस तरह के गीत गाते हैं।
 
बोहैड व्हेल का कई सदियों पहले भारी पैमाने पर शिकार होता था और यह लगभग लुप्त होने की कगार पर पहुंच गई थीं। 
 
करीब 60 फीट यानी 18 मीटर तक की लंबाई वाली इन व्हे्लों को पूरे साल आर्कटिक सागर में देखा जा सकता है और  किसी भी दूसरे व्हेल की तुलना में इनकी चर्बी सबसे मोटी होती है।
 
विदित हो कि व्हेल मछलियों में केवल बोहैड और हम्पबैक ही ऐसी हैं जो अलग-अलग तरह के गाने गाती हैं। ब्लू, फिन या मिंके व्हेल ज्यादातर सरल गीत गाती हैं और हर साल एक या दो गीत ही दुहराती रहती हैं। वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी की समुद्रविज्ञानी केट स्टैफोर्ड का कहना है कि हम्पबैक गीत बहुत व्यवस्थित होते हैं जो शास्त्रीय संगीत जैसे मालूम होते हैं जबकि बोहेड गीत थोड़े फ्रीस्टाइल किस्म के होते हैं। 
 
जैज म्यूजिक की तरह इनमें बहुत साफ नियम जैसी कोई चीज नहीं है। एक और समुद्र जीवविज्ञानी किट कोवैक्स ने कहा, बोहैड विविधता से भरे होते हैं, कुछ तो बिल्कुल बार-बार याद आने वाले गीतों जैसे सुनाई देते हैं। हालांकि बाकियों को सुन कर लगता है जैसे किसी बाड़े में कुछ जंगली आवाजें आ रही हों। 
 
व्हेल आवाज का इस्तेमाल रास्ता बताने, संवाद करने, शिकार करने और साथी की तलाश के लिए करती हैं। पानी के भीतर आवाज रोशनी की तुलना में ज्यादा दूर तक जाती है क्योंकि यहां गंध भी ज्यादा दूर तक नहीं जाती। कोवाक्स ने बताया कि व्हेल अपने इरादों के बारे में बताने के लिए गाना गाते हैं। इस मामले मे वे यह बताते हैं कि वह सहवास के लिए तैयार हैं। आमतौर पर नर व्हेल ही गाना गाते हैं। 
 
वे दूसरे नरों को बताते हैं कि मैं बड़ा हूं, ताकतवर और प्रेरित करने वाला हूं और मादाओं से कहते हैं, मैं बड़ा हूं, मजबूत और अत्यधिक प्रेरित कर सकता हूं। बायोलॉजी लेटर्स में छपे रिसर्च के नतीजों में इस बात की पुष्टि की गई है कि बोहैड पतझड़ के आखिरी दिनों से लेकर शुरूआती वसंत तक नियमित रूप से गाते हैं। 
 
स्टैफोर्ड का कहना है कि गाने एक साल के भीतर और अलग अलग सालों के बीच बिल्कुल बदल जाते हैं और हमें नहीं पता कि क्यों? यह एक रहस्य है और रहेगा क्योंकि वे आर्कटिक में भारी बर्फ के नीचे रहकर भी गाते हैं, ऐसी स्थिति में इंसान के लिए वहां जा कर उन्हें देखना उन पर रिसर्च कर पाना बेहद मुश्किल है। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दलित हिंसा में शामिल सरकारी कर्मचारी होंगे निलंबित