Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

कौन हैं दुनिया के वो 5 रईस जिन्‍होंने टाइटैनिक का मलबा देखने के लिए खतरे में डाली जान, सांस लेने की हवा भी खत्‍म

हमें फॉलो करें oceangate
, गुरुवार, 22 जून 2023 (16:32 IST)
oceangate submarine news : टाइटैनिक का मलबा देखने गए दुनिया के 5 रईस समुद्र में फंस गए हैं। वे एक तरह से अब तक गायब ही है। उन्‍हें खोजने का प्रयास किया जा रहा है। उस पनडूब्‍बी का पता भी लगाया जा रहा है, जिसमें ये पांचों रईस सवार थे। दुनिया के ये पांचों रईस अपने बिजनेस और काम के लिए मशहूर हैं। लेकिन अब टाइटैनिक के मलबे के चक्‍कर में उनकी जिंदगी खतरे में है।

बता दें कि मध्य-अटलांटिक में 18 जून को टाइटैनिक (Titanic) के मलबे में गोता लगाने के दौरान एक पनडुब्बी ओशनगेट गायब हो गई है। इस पनडुब्बी में पाकिस्तानी अरबपति से लेकर ब्रिटिश रईस तक 5 दिग्गज फंसे हुए हैं। ये लाखों डॉलर खर्च कर डूबे हुए टाइटैनिक का मलबा देखने गए थे।

खत्‍म हो गया समय : टाइटन के संचालक ओशनगेट के अनुसार, पनडुब्बी टाइटन को आपात स्थिति में 96 घंटे तक ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए डिजाइन किया गया है। जिसमें करीब 96 घंटे पहले ही बीत चुके हैं। गौरतलब है कि रविवार को टाइटैनिक के मलबे की ओर जाते समय यह पनडुब्बी लापता हो गई थी। जिसके बाद से ही इसकी खोजबीन जारी है।

बता दें कि अमेरिकी तटरक्षक, कनाडाई सैन्य विमान, फ्रांसीसी जहाज और टेलीगाइडेड रोबोट जैसी संस्थाएं इस पनडुब्बी को खोज रही हैं। यूएस कोस्ट गार्ड के मुताबिक, पनडुब्बी पर मौजूद लोगों के पास कुछ ही घंटे का ऑक्सीजन बचा है, जिसके कारण बचावकर्मी चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। इससे पहले पनडुब्बी को लेकर खबर आई कि गहरे पानी के अंदर से आवाजें सुनाई दे रही हैं।

आखिर कौन हैं ये 5 दिग्गज?
स्टॉकटन रश : लापता हुई पनडुब्बी में ओशनगेट के सीईओ स्टॉकटन रश भी सवार थे। इस पनडुब्बी का संचालन ओशनगेट ही करती है। ये कंपनी पर्यटकों को समुद्र के सबसे गहरे क्षेत्रों में ले जाती है। इस कंपनी की स्थापना साल 2009 में हुई थी। लेकिन रश ने अपना करियर साल 1981 में दुनिया के सबसे कम उम्र के जेट ट्रांसपोर्ट रेटेड पायलट के तौर पर शुरू किया था।

ओशनगेट टाइटैनिक जहाज का मलबा दिखाने के लिए ये कंपनी लोगों को 8 दिन की यात्रा करवाती है। इस यात्रा के लिए 2 करोड़ रुपए से अधिक की टिकट खरीदी जाती है। न्यूफाउंडलैंड के तट से जहां टाइटैनिक का मलबा है वो जगह 600 किमी दूर स्थित है।

शहजादा और सुलेमान दाऊद : इस पनडुब्बी में पाकिस्तानी अरबपति शहजादा दाऊद उनके बेटे सुलेमान दाऊद भी सवार हैं। 48 साल के शहजादा दाऊद की बात करें तो उनकी गिनती पाकिस्तान के सबसे अमीर लोगों में होती हैं। वो ब्रिटेन स्थित प्रिंस ट्रस्ट चैरिटी के बोर्ड सदस्य हैं। दाऊद के साथ उनके 19 साल के बेटे भी है, जो समुद्र में 12500 फीट पानी के अंदर टाइटैनिक के मलबे को देखने के लिए गए थे।
webdunia

शहजादा दाऊद एंग्रो कॉर्पोरेशन के वाइस चेयरमैन हैं। उनकी कंपनी उर्वरक, भोजन और ऊर्जा का उत्पादन करती है। साल 2022 के अंत तक एंग्रो का रेवन्यू 1.2 बिलियन डॉलर था। उनके बेटे सुलेमान के पास ब्रिटिश नागरिकता है और वो यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं।

हामिश हार्डिंग : 58 साल के ब्रिटिश कारोबारी हामिश हार्डिंग भी उन 5 लोगों में है जो पनडुब्बी में सवार थे। वो तीन बार के गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक हैं। वो एक्शन ग्रुप के फाउंडर और अंतरराष्ट्रीय विमान ब्रोकरेज कंपनी एक्शन एविएशन के चेयरमैन हैं। इस कंपनी का मुख्यालय दुबई में है। अंटार्कटिका में गल्फस्ट्रीम G550 का उपयोग करते हुए उन्होंने पहली रेगुलर बिजनेस जेट सेवा शुरू की। उन्होंने वीकएंड में टाइटैनिक के मलबे को देखने की जानकारी सोशल मीडिया में शेयर की थी।

पॉल-हेनरी नार्गोलेट : पॉल-हेनरी नार्गोलेट को ‘मिस्टर टाइटैनिक’ के नाम से जाना जाता है। 77 साल के नार्गोलेट ने पनडुब्बी के चालक सदस्यों में से एक हैं। उन्होंने फ्रांस की नौसेना में 25 से अधिक साल तक सेवा की। उन्हें पूरी दुनिया में गोता लगाने का अनुभव हासिल है। वो सागर में दुर्गम जल स्थलों तक जा चुके हैं। नार्गोलेट ने आरएमएस टाइटैनिक के मलबे का पता लगाने से पहले 30 से अधिक बार गोताखोरी की थी। उनकी अथॉरिटी में ब्रिटिश जहाज से संबंधित 5,500 वस्तुओं को बरामद किया गया, जिसमें 20 टन का एक टुकड़ा भी शामिल था।

250,000 डॉलर हैं पनडुब्बी का किराया : स्टॉकटन रश ने 2009 में कंपनी की स्थापना की, ग्राहकों को गहरे समुद्र की यात्रा का अनुभव करने का मौका दिया और 2021 में वैश्विक सुर्खियां बटोरीं, जब इसने टाइटैनिक के मलबे की साइट पर यात्रा की पेशकश शुरू की। कंपनी 250,000 डॉलर में यात्रियों को प्रसिद्ध जहाज के अवशेषों को नजदीक से देखने का अवसर प्रदान करती है।

1 घंटा, 45 मिनट में ही संपर्क टूटा : इस पर टाइटन को जहाज के मलबे तक पहुंचने के लिए ढाई घंटे का वक्त लगना था, लेकिन इसने महज 1 घंटा, 45 मिनट के भीतर ही संपर्क खो दिया। पनडुब्बी को ढूंढने के लिए अंडरवाटर रोबोट सहित अमेरिका और कनाडा के 3 C-130 हरक्यूलस एयरक्राफ्ट भेजे गए हैं।

रिकॉर्ड हुई आवाज : सर्च ऑपरेशन में शामिल एक एयरक्राफ्ट को सोनार-बॉय की मदद से कुछ आवाजें सुनाई दी हैं। CNN के मुताबिक, ये आवाज उसी जगह के पास से रिकॉर्ड की गईं जहां टाइटैनिक का मलबा मौजूद है। यह आवाजें करीब 30 मिनट के इंटरवल पर रिकॉर्ड हुईं। इसके 4 घंटे बाद सोनार ने दोबारा इन्हें डिटेक्ट किया।
Written and Edited by navin rangiyal


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Baba Chamliyal Mela: इस बार भी चमलियाल मेले में न ही दिल मिले और न ही बंटा शकर-शर्बत