Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Vasant Panchami 2018 : इन 6 डिशेज के साथ मनाएं वसंती पंचमी का त्योहार

हमें फॉलो करें Vasant Panchami 2018 : इन 6 डिशेज के साथ मनाएं वसंती पंचमी का त्योहार
* स्वास्थ्य और रिश्तों में मिठास घोलेंगी ये लाजवाब 6 वासंती डिशेज... 
 
वसंत हर मनुष्‍य का मनचाहा मौसम है। वसंत का पीला रंग बुद्धि का परिचायक है, इस दिन महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर पूजा-अर्चना करके पीले व केसरिया व्यंजन बनाकर भगवान को भोग अर्पित करती हैं। ऐसा माना जाता है कि पीले खाद्य पदार्थों से मस्तिष्क की क्षमता बढ़ती है तथा याददाश्त में वृद्धि होती है। पीले पदार्थों में पाए जाने वाले विटामिन ई की उच्च मात्रा अल्जाइमर्स का खतरा कम करने का कार्य करती है।

स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होने के साथ ही यह रंग ऋतुराज वसंत के सुहाने मौसम में रिश्ते में  प्यार की मिठास घोलता है। आप भी इस वसंत पंचमी पर अवश्य ट्राई करें ये 6 वासंती रेसिपीज... 
 
केसरिया वासंती भात  
 
सामग्री :
250 ग्राम बासमती चावल, 1 चम्मच दूध, 1 कप शक्कर, 1 चम्मच इलायची पावडर, 4-5 लौंग व केसर के लच्छे, चुटकी भर मीठा पीला रंग, 1 चम्मच घी, पाव कप मेवों की कतरन।
 
विधि :
सबसे पहले चावल को उबाल कर ठंडे करके अलग रख लें। अब एक पैन में घी गरम करके लौंग, इलायची एवं मीठा रंग डालें। तत्पश्चात उबले चावल डालकर दो-तीन मिनट तक चलाएं। फिर इसमें शक्कर डालकर मिलाएं। पूरी तरह शक्कर घुलने पर उसमें दूध में घुली केसर एवं कटे मेवे डालकर हिलाएं। तैयार गरमा-गरम लाजवाब वासंती भात पेश करें।
 
**********
 
पिस्ता से सजी वासंती आइस्क्रीम
 
सामग्री :  
दो कटोरी हापुस का (छना हुआ) आमरस, आधा कटोरी मिल्क पावडर, एक कटोरी शक्कर, 1 कटोरी दूध, आधा कटोरी दूध की ताजा मलाई, पाव चम्मच जीएमएस पावडर, दो चम्मच पिस्ता की कतरन डेकोरेशन के लिए।
 
विधि : 
सर्वप्रथम दूध में मिल्क पावडर व शक्कर डालकर उबालें और ठंडा कर लें। अब इसमें आम रस, जीएमएस पावडर, दूध व मलाई डालकर मिक्सर में थोड़ी देर घुमाएं। 
 
अब आइस्क्रीम पॉट में डालकर एक घंटे फ्रीजर में रखें। फिर बाहर निकाल कर मिक्सर में फिर से घुमाएं। पुनः आइस्क्रीम पॉट में डालकर करीब 3-4 घंटे के लिए फ्रीजर में रखें। तैयार वासंती मैंगो आइस्क्रीम को पिस्ता कतरन से सजाएं और पेश करें।  
 
**********
 
केसरिया वासंती पेढ़ा 
 
सामग्री :
 
250 ग्राम ताजा छैना, 50 ग्राम शक्कर, आधा चम्मच गुलाब जल, आधा कप पिस्ता कतरन, चुटकी भर मीठा पीला रंग,  4-5 केसर के लच्छे।
 
विधि :
सबसे पहले छैने को एक थाली में लेकर हथेली से तब तक मसलें, जब तक वह अच्छा चिकना न हो जाए। अब एक नॉनस्टिक बर्तन में छैना और शक्कर डालकर धीमी आंच पर बार-बार चलाती रहे, तब तक कि मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही न छोड़ने लगे। 
 
अब मिश्रण को ठंडा होने के लिए रख दें। तत्पश्चात गुलाब जल में केसर व मीठा पीला रंग डालकर खूब घोंट लें। अब ठंडे मिश्रण के छोटे-छोटे गोले बनाकर हर गोले के बीच में केसर का टीका लगाएं। उस जगह को हल्के से ऊंगली से दबाएं और उस गड्‍ढे में पिस्ता कतरन भर कर मनभावन केसरिया वासंती पेढ़े पेश करें।  
 
*****  
 
कद्दू का केसरिया हलवा  
 
सामग्री : 
500 ग्राम केसरिया कद्दू, 100 ग्राम मावा, 125 ग्राम शक्कर, 1 चम्मच इलायची पावडर, पाव कप कटे मेवे, 1 चम्मच घी।
 
विधि : 
सबसे पहले कद्दू को छीलकर किस लें। अब एक कड़ाही में घी गरम करके कद्दू को भूनें और उसमें मावा और शक्कर डालकर पका लें। अब मेवे व इलायची डाल दें। लजीज कद्दू का केसरिया हलवा गरमा-गरम परोसें। 
 
*****
 
वासंती रायता
 
सामग्री :
250 ग्राम दही, 150 ग्राम ताजा कद्दू, 1 चुटकी काला नमक, (चुटकी भर हींग-जीरा छौंक के लिए), 1 चम्मच घी, सादा नमक, 1 हरी मिर्च बारीक कटी, हरा धनिया, आधा चम्मच शक्कर।
 
विधि :
सबसे पहले दही को एक बर्तन में लेकर रवई से मथ लें। अब कद्दू को छीलकर किस लें और गरम पानी में उबाल लें। अब इसे हाथ से टाइट निचोड़ कर दही में डालें। अब उपरोक्त सामग्री (कटी हरी मिर्च, काला नमक, सादा नमक, शक्कर) इसमें डालें और हिलाएं। 
 
एक चम्मच में घी गरम करके हींग व जीरे का छौंक तैयार करके रायते में डालें। अच्छी तरह मिलाएं और हरा धनिया डालकर पेश करें।
*****
 
कुरकुरी पूरियां  
 
सामग्री :
 
1 कटोरी गेहूं का आटा, 1 बड़ा चम्मच बेसन, आधा चम्मच नमक, आधा चम्मच अजवाइन, पाव चम्मच हल्दी, तेल (तलने के लिए)।
 
विधि :
सर्वप्रथम गेहूं के आटे को छानकर उसमें तेल को छोड़ कर बाकी सभी सामग्री डालकर कड़ा आटा गूंथ लें। अब 15-20 मिनट कपड़े से ढंक कर रख दें। एक कड़ाही में तेल गरम करके धीमी आंच पर कुरकुरी पूरियां तल लें। अब गरमा-गरम पूरी को अचार या चटनी के साथ पेश करें।

 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दिल का हाल बयां करती कविता : धड़कन...