Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

सेलिब्रिटी कुँवारे

शहनाइयों को बेकरार करते 'खास कुँवारे'!

हमें फॉलो करें सेलिब्रिटी कुँवारे
- दिव्यज्योति नंद

ND
यूँ तो देश में कुँवारे खूब हैं, मगर कुछ कुँवारे औरों से हटकर हैं। ये हैं 'सेलिब्रिटी कुँवारे।' इनके पास प्रसिद्धि है, पैसा है, सफलता है... नहीं है तो बस, एक जीवनसाथी

एकता कपूर, करन जौहर, प्रियंका चोपड़ा, राहुल गाँधी, महेन्द्रसिंह धोनी, युवराजसिंह, सानिया मिर्जा, जॉन अब्राहम, इरफान पठान, किरन देसाई और बिपाशा बसु। अगर पूछा जाए इन सबमें एक खासियत क्या है? तो इसका सबसे आसान जवाब यह है कि ये सब कुँवारे हैं।

हालाँकि जॉन अब्राहम और बिपाशा बसु पिछले कई सालों से एक-दूसरे के साथ डेट कर रहे हैं। लेकिन इसी तरह करीना कपूर और शाहिद कपूर भी लंबे अरसे तक डेट पर थे, मगर एक दिन करीना ने सैफ अली का हाथ थाम लिया। इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि बिपाशा और जॉन अब्राहम शादी करेंगे ही। इसलिए हमने यहाँ दोनों को ही 'मोस्ट इलेजिबल' की फौज में रखा है


इस टीम के सबसे सीनियर सदस्य राहुल गाँधी हैं। 1970 में जन्मे राहुल 38वें साल में हैं। यह उम्र औसतन भारतीय के विवाह की उम्र से 13 से 15 साल पहले ही ज्यादा हो चुकी है, लेकिन अभी भी नहीं लगता कि तुरंत राहुल गाँधी किसी से शादी करने वाले हैं। उनका कुँवारा रहना अब राजनीतिक गलियारे में भी चर्चा का विषय है

कोई कहता है कि राहुल गाँधी इसलिए शादी नहीं कर रहे, क्योंकि वे एक कोलंबियन लड़की से शादी करना चाहते हैं, मगर माँ सोनिया गाँधी नहीं चाहतीं कि उनका बेटा किसी गैर भारतीय से शादी करके लोगों की नजरों में भावनात्मक रूप से गिर जाए। शायद माँ की इस अतिरिक्त सजगता के पीछे वजह यह हो कि वे खुद इटली से हैं और उन्हें विरोधी राजनीतिज्ञों द्वारा गैर भारतीय होने के तौर पर पर अक्सर निशाना बनाया जाता है।
  यूँ तो देश में कुँवारे खूब हैं, मगर 'सेलिब्रिटी कुँवारे।' इनके पास प्रसिद्धि है, पैसा है, सफलता है... नहीं है तो बस, एक जीवनसाथी। एकता कपूर, करन जौहर, प्रियंका चोपड़ा, राहुल गाँधी, महेन्द्रसिंह धोनी, युवराजसिंह, सानिया मिर्जा, जॉन अब्राहम, इरफान पठान।      


बहरहाल, वजह कुछ भी हो मगर भारतीय राजनीति के सबसे फोटोजेनिक और सुदर्शन चेहरों में से एक राहुल गाँधी अभी तक कुँवारे हैं। यह उनकी चाहे राजनीतिक मजबूरी हो या स्वभाव, लेकिन वे किसी भारतीय लड़की के साथ कभी डेट करते भी नहीं देखे जाते। हद तो यहहै कि उनकी कोलंबियन गर्लफ्रेंड का इतिहास भी अब पुराना लगता है। उनके इस संबंध की तफ्तीश करने वाली अक्सर अखबारों में जो तस्वीर छपती है वह भी कई साल पुरानी है। फिलहाल राहुल अक्सर पारिवारिक समारोहों में अपनी बहन और बहनोई के साथ ही जाते देखे जाते हैं।

आजकल टीवी विज्ञापनों में जिस कुँवारे को यह कहते हुए देखा रहा है कि 'मैं तो तैयार हूँ, क्या आप भी हैं?' वे यानी महेन्द्रसिंह धोनी हाल-फिलहाल किसी के साथ शादी करने जा रहे हैं, इस बारे में भी कोई विश्वास के साथ कुछ नहीं कह सकता। कुछ दिनों पहले फिल्म अभिनेत्री व मॉडल दीपिका पादुकोण के साथ उनके रिश्तों की खूब चर्चा हुई, लेकिन जल्द ही सामने आया कि दीपिका का धोनी के बजाय युवराजसिंह के साथ अफेयर चल रहा है। हालाँकि पहले कई वर्षों तक युवराज का अफेयर किम शर्मा से चला, लेकिन अब दोनों सिर्फ दोस्त हैं। उधर दीपिका इन दिनों रणबीर कपूर के साथ देखी जा रही हैं।

भारतीय टीवी सीरियल की दुनिया की सम्राज्ञी एकता कपूर भी कुँवारी हैं। अक्सर सास-बहू के षड्यंत्रों की पेंचदार कहानी परोसने वाली एकता कपूर की शादी को लेकर जब कोई बात होती है तो उनका एक रटारटाया जवाब होता है कि उन्होंने अपने बचपन के दोस्त करन जौहर से कह दिया है कि वे एक साल में अपनी पसंदीदा के साथ शादी कर लें, वरना मैं उनके साथ शादी कर लूँगी। इसी तरह का बयान करन जौहर भी देते हैं। हकीकत यही है कि अभी तक ये दो बड़े इंटरटेनर कुँवारे हैं। 32वें साल में चल रहीं एकता को अपने हर सीरियलका नाम 'के' से रखना अच्छा लगता है। शायद इसीलिए लोगों को लगता है कि वे शादी भी 'करन' जौहर से ही करेंगी।

'कुछ-कुछ होता है' और 'कभी अलविदा ना कहना' जैसी फिल्में बनाने वाले करन जौहर के दोस्तों की एक लंबी फेहरिस्त है, जिसमें हर तरह के दोस्त हैं। फराह खान, शाहरुख खान से लेकर कई और भी। लेकिन यह कोई नहीं बता सकता कि करन जौहर कब शादी करेंगे, किससे करेंगे और अभी तक क्यों नहीं कर रहे। जब उनसे इस बारे में पूछा जाता है तो उनका एक ही जवाब होता हैं, 'बस लड़की ढूँढ रहा हूँ। अगर नहीं मिलेगी तो एकता तो है ही।'

किरन देसाई भी कुँवारों की सूची का एक अहम नाम हैं। बुकर पुरस्कार विजेता किरन कुँवारों की इस टीम की राहुल गाँधी के बाद दूसरी सबसे प्रौढ़ सदस्य हैं। 1971 में जन्मीं किरन देसाई सीधी, सरल, विनम्र स्वभाव वाली तथा कुशाग्र बुद्धि की हैं। हालाँकि वे 14 साल की उम्र से अमेरिका में रह रही हैं, लेकिन उनकी जिस तरह की जीवनशैली है, उसे देखकर नहीं लगता कि वे किसी अमेरिकन को अपना लाइफ पार्टनर बनाएँगी। अक्सर मुंबई और गोआ घूमने आने वाली किरन के लिए कहा जा रहा है कि वे भारत में ही अपने लिए लड़का ढूँढ रही हैं और संभव है कि 2008 में ही वे शादी के बंधन में बँध जाएँ।

कुँवारों की सूची में एक और आकर्षक नाम है भारतीय टेनिस की सनसनी सानिया मिर्जा का। सानिया का अभी तक किसी के साथ अफेयर सामने नहीं आया। हालाँकि पिछले दिनों उन्हें एक रेस्तराँ में शाहिद कपूर के साथ डिनर लेते हुए देखा गया था। सानिया कुछ उन गिनी-चुनी शख्सियतों में से हैं जिनसे शादी करने के लिए लाखों युवक बेकरार हैं, लेकिन सानिया किससे शादी करने के लिए हाँ करती हैं, यह वक्त ही बताएगा। सानिया की ही तरह इरफान पठान भी 'मोस्ट इलेजिबल बैचलर्स' में आते हैं। उनसे शादी करने के लिए भी देशभर की और विदेशों की लड़कियाँ भी बेकरार हैं। कुछ साल पहले इरफान से शादी करने के लिए हरियाणा से दो लड़कियाँ बड़ौदा में उनके घर पहुँच गई थीं।

जिन लोगों के यहाँ नाम आए हैं, जिनके बारे में जिक्र किया गया है, उससे कई गुना ज्यादा और नाम हैं, जो महत्वपूर्ण कुँवारों की सूची में शामिल हैं। लेकिन उन सबके बारे में यहाँ नहीं लिखा जा सकता। बस, इतना कहा जा सकता है कि कुछ युवाओं ने अपने नाम, प्रसिद्धि और उपलब्धि के आधार पर इतनी लोकप्रियता हासिल कर ली है कि उनसे शादी करने के लिए हर कोई तैयार है।


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi