Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

शशि थरूर की विचारोत्तेजक किताब 'मैं हिन्दू क्यों हूं' का लोकार्पण

हमें फॉलो करें शशि थरूर की विचारोत्तेजक किताब 'मैं हिन्दू क्यों हूं' का लोकार्पण
वाणी प्रकाशन द्वारा प्रकाशित डॉ. शशि थरूर की विचारोत्तेजक किताब 'मैं हिन्दू क्यों हूं' का लोकार्पण 2 दिसंबर को उनकी उपस्थिति में संपन्न हुआ। 
 
देश के प्रख्यात विद्वान, लेखक, मीडिया विशेषज्ञ देवी प्रसाद त्रिपाठी, (सांसद,राज्यसभा) प्रो. अभय कुमार दुबे, राहुल देव (मीडिया विशेषज्ञ व भाषाविद) और प्रख्यात लेखिका तसलीमा नसरीन ने डॉ. शशि थरूर की युगांक धीर द्वारा अनुदित इस पुस्तक को लोकार्पित किया। 
 
इस अवसर पर अरुण माहेश्वरी (प्रबंध निदेशक, वाणी प्रकाशन) लीलाधर मंडलोई (मुख्य कार्यकारी अधिकारी व आलोचक) तथा अदिति माहेश्वरी-गोयल (कार्यकारी निदेशक वाणी प्रकाशन) के साथ दामिनी माहेश्वरी कार्यकारी निदेशक भी उपस्थित थे।
 
डॉ. शशि थरूर ने अपने वक्तव्य में मुख्य रूप से धर्म की बहुलता व सहिष्णुता को रेखांकित करते हुए स्वामी विवेकानंद की दार्शनिक विचारधारा को विशेष रूप से स्मरण किया। उन्होंने हिन्दूवाद, हिन्दुत्व और राष्ट्रवाद के आशयों को स्पष्ट करते हुए राजनीतिक हिन्दूवाद के रास्ते संविधान पर उठते संकटों को रेखांकित किया। बाबरी मस्जिद से उठे हिन्दुत्व के उभार के कारण उत्पन्न हुए राजनीतिक माहौल में एकध्रुवीय बनती सोच पर भी चर्चा की।

webdunia
विख्यात भाषाविद् राहुल देव ने हिन्दूवाद को हिन्दूइज़्म का अनुवाद उपयुक्त न मानते हुए, कहा यह किताब कथ्य और संप्रेष्य के स्तर पर विचार करने को प्रेरित करती है। उन्होंने बदलते हुए परिदृश्य में सांप्रदायिकता के परिणामों पर सचेत किया ओैर किताब को महत्त्वपूर्ण माना।
 
देवी प्रसाद त्रिपाठी ने हिन्दू धर्म की आज की स्थिति के आलोक में शशि थरूर की किताब के महत्त्व को प्रतिपादित करते हुए कहा कि हिन्दू धर्म की मूल भावना बहुलता, सहिष्णुता, सहकार है। व्यास ऋषि का उद्धरण देते हुए उन्होंने कहा दूसरों का उपकार ही धर्म है और दूसरों का अपकार पाप है। इसके अलावा उन्होंने धर्म में नवीन धारणाओं और आस्थाओं को भी महत्त्वपूर्ण मानते हुए धर्म को सतत गतिशील कहा।
 
प्रखर लेखिका तसलीमा नसरीन ने मुस्लिम समाज और राजनीति में कट्टरता को पाकिस्तान और बांग्लादेश के संदर्भ में उजागर करते हुए मुस्लिम स्त्रियों के अधिकारों के अपवंचन का मुद्दा उठाया। अभिव्यक्ति के बंधनों के संदर्भ में भी उन्होंने सवाल उठाए और अपने निर्वासन को याद करते हुए भारत के उदात्त स्वरूप, धर्म के बौद्धिक लचीलेपन को भी रेखांकित करते हुए शशि थरूर की किताब को महत्त्वपूर्ण निरूपित किया।
 
अभय कुमार दुबे की राय में हिन्दुत्ववादियों का मूल मक़सद एक नस्लीय और जातिवादी राजनैतिक कम्युनिटी बनाना है। सावरकर के राजनीतिक उद्देश्यों को तार्किक रूप से सामने रखते हुए उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य बहुलतावादी भारतीय दृष्टि के विपरीत है और वे हिन्दू राष्ट्रवाद के समर्थक हैं। 
 
खचाखच भरे इण्डिया इंटरनेशनल सेंटर के मल्टीपर्पज हाल में, श्रोताओं ने विद्वानों के विचार-विमर्श में अनुकूल प्रतिक्रियाओं के साथ किताब का स्वागत किया। धन्यवाद प्रस्ताव अरुण माहेश्वरी, प्रबन्ध निदेशक ने प्रस्तुत किया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

सर्दियों में त्वचा की परत निकलती है, तो जान लीजिए ये उपाय