Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

नरेंद्र मोदी ने बनाया प्रचार का रिकॉर्ड

हमें फॉलो करें नरेंद्र मोदी ने बनाया प्रचार का रिकॉर्ड
, सोमवार, 12 मई 2014 (09:20 IST)
FILE
नई दिल्ली। भारत में लोकसभा 2014 के लिए हो रहे चुनावों का प्रचार का थम गया है। एक ओर जहां कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने देश भर में प्रचार किया वहीं भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने धुआंधार प्रचार कर एक नया रिकॉर्ड बनाया।

भाजपा के दावे को माने तो नरेंद्र मोदी अब तक देशभर में 3 लाख किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करके प्रचार के परंपरागत और अभिनव तौर-तरीकों के मिलेजुले स्वरूप के साथ 5827 कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं, जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

भाजपा ने इसे भारत के चुनावी इतिहास का सबसे बड़ा जनसंपर्क बताया है जिसमें मोदी पिछले साल 15 सितंबर से 25 राज्यों में 437 जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं और 1350 3डी रैलियों में भाग ले चुके हैं। मोदी ने अपनी 3डी रैलियों के जरिए तकनीक का भी बखूबी इस्तेमाल किया जिसका पहली बार उपयोग 2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव में देखा गया था।

मोदी के सार्वजनिक कार्यक्रमों की कुल संख्या 5827 बताई गई है जिसमें उनके 4000 ‘चाय पे चर्चा’ कार्यक्रम भी शामिल हैं। इनमें मोदी ने देश के अनेक शहरों की जनता से 'वीडियो लिंक' के माध्यम से चर्चा की। इसके अलावा मोदी के दो बड़े रोडशो भी गिने जा सकते हैं जो उन्होंने वड़ोदरा और वाराणसी में किए। इन दोनों सीटों से वह उम्मीदवार हैं।

भाजपा ने दावा किया है कि मोदी सीधे तौर पर 5 से 10 करोड़ लोगों तक अपनी पहुंच बना चुके हैं।

भाजपा पीएम उम्मीदवार के इस अभियान की पहली रैली पिछले साल 15 सितंबर को हरियाणा के रेवाड़ी में हुई जो पूर्वसैनिकों की रैली थी। उनकी यह प्रचार यात्रा 10 मई को पूर्वी उत्तरप्रदेश के बलिया में आयोजित रैली के साथ समाप्त हुई।

मोदी ने चुनाव कार्यक्रम की तारीखों की घोषणा से पहले माहौल बनाने के लिए 21 राज्यों में 38 रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने 26 मार्च को उधमपुर में जनसभा के साथ भारत विजय रैलियों की श्रृंखला की शुरुआत की। उन्होंने 25 राज्यों में इस श्रृंखला के तहत कुल 196 रैलियां कीं और करीब 2 लाख किलोमीटर से अधिक दूरी तय की।

भाजपा के अनुसार इस प्रचार अभियान में प्रधानमंत्री पद के उसके उम्मीदवार का दिन सुबह 5 बजे शुरू हो जाता था और कई बार आधी रात के बाद तक उनकी गतिविधियां चलती रहती थीं।

अगले पन्ने पर मोदी ने क्या कहा...


मोदी ने अभियान के बीच कहा था, ‘मैं दौड़ रहा हूं। लोगों का प्यार मुझे दौड़ा रहा है।’ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी आज मोदी का जिक्र करते हुए दावा किया कि भारत के चुनावी इतिहास में पहली बार एक नेता ने इतनी अधिक संख्या में लोगों को संबोधित किया।

चौहान ने अपने ट्वीट में दावा किया कि उन्होंने भारत के इतिहास में सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ इस तरह का जोश पहले कभी नहीं देखा।

पार्टी ने दावा किया कि मोदी का अभियान इतिहास के सबसे बड़े जन जागरण में से एक रहा है। चुनाव में उत्तर प्रदेश के महत्व को समझते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री ने ऐसी सबसे ज्यादा रैलियां इस राज्य में कीं। भाजपा ने इस प्रचार अभियान को ‘ऐतिहासिक’ तथा ‘अभूतपूर्व’ बताया है। (एजेंसी)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi