Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

FIFA WC 2018 : क्रोएशिया से हारकर आइसलैंड विश्व कप से बाहर

हमें फॉलो करें FIFA WC 2018 : क्रोएशिया से हारकर आइसलैंड विश्व कप से बाहर
, बुधवार, 27 जून 2018 (14:44 IST)
रोस्तोव ऑन दोन (रूस)। क्रोएशिया ने आइसलैंड पर 2-1 की संघर्षपूर्ण जीत से विश्व कप में अपना विजय अभियान और ग्रुप डी में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा। क्रोएशिया ने इस तरह से अपने तीनों मैच जीते और वह ग्रुप डी में नौ अंक के साथ शीर्ष पर रहा।


अब अंतिम-16 में उसका मुकाबला रविवार को डेनमार्क से होगा। जब दुनियाभर की निगाहें अर्जेंटीना और नाइजीरिया के बीच मैच पर टिकी थी तब क्रोएशिया ने मिलान बादेल्ज (53) और इवान पेरिसिच (90वें मिनट) के गोल से जीत दर्ज की। आइसलैंड की तरफ से गिल्फी सिगुर्डसन ने 76वें मिनट में पेनल्टी पर गोल किया।

अर्जेंटीना को बराबरी पर रोकने वाले आइसलैंड की यह दूसरी हार थी, जिससे उसका विश्व कप का सफर यहीं पर समाप्त हो गया। आइसलैंड के कोच हीमिर हालग्रिमसन ने बाद में कहा, हमने अपनी तरफ से हर तरह का प्रयास किया। अगर आप ऐसा करते हैं तो निराश नहीं हो सकते हो। हम सिर उठाकर चल सकते हैं।

क्रोएशिया के कोच जाल्को डेलिच ने भी आइसलैंड के ‘जज्बे और अनुशासन’ की तारीफ की। उन्होंने कहा, हमारा ध्यान अब डेनमार्क के मैच पर है। वास्तविकता से अब सामना होगा। पहले हाफ में आइसलैंड ने क्रोएशिया को गोलरहित बराबरी पर रोके रखा।

इस बीच पहले क्रोएशिया तो बाद में आइसलैंड का दबदबा देखने को मिला। क्रोएशिया ने दूसरे हाफ के शुरू में आक्रामकता दिखाई। बादेल्ज ने अपने दाएं पांव से क्रास रोका और फिर करारा शाट जमाकर गोल दागा। आइसलैंड के गोलकीपर हानेस हाल्डोरसन के पास इसे रोकने का कोई मौका नहीं था। मैच तब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया जब दाजेन लोवरन ने सिगुर्डसन के क्रास पर पेनल्टी क्षेत्र में हाथ लगा दिया।
आइसलैंड को पेनल्टी मिली लेकिन नाइजीरिया के खिलाफ पेनल्टी को क्रास बार के ऊपर मारने वाले सिगुर्डसन ने इस बार कोई गलती नहीं की। इसके बाद आइसलैंड ने विजयी गोल के लिए खास प्रयास नहीं किए लेकिन क्रोएशिया ने उस पर अधिक दबाव बनाया और आखिर में पेरिसिच निर्णायक गोल करने में सफल रहे। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

FIFA WC 2018 : जीत से नॉकआउट में जगह बनाने उतरेंगे सेनेगल और कोलंबिया