Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

सलमान ने जिसे ठुकराया... अक्षय ने उसे अपनाया

हमें फॉलो करें सलमान ने जिसे ठुकराया... अक्षय ने उसे अपनाया
सलमान खान जब अपने करियर के बुरे दौर से गुजर रहे थे तब रेशमा शेट्टी और उनकी कंपनी मैट्रिक्स ने उनका काम संभाला। रेशमा ने सलमान के करियर में नई जान फूंक दी और वे शिखर पर पहुंच गए। सलमान को उन्होंने ब्रांड में बदल दिया। रेशमा से सलमान इतने प्रभावित हुए कि वे रेशमा की सारी बातें मानते थे। 
 
संजय दत्त जब सजा काट कर फिर से बॉलीवुड में आए तो सलमान ने संजय को सलाह दी कि वे रेशमा की कंपनी की सेवाएं लें और संजय ने ऐसा ही किया। महीनों बीतने के बाद भी संजय को एक भी फिल्म नहीं मिली तो उन्होंने इस बारे में पता किया। बात सामने आई कि रेशमा बहुत ज्यादा पैसा मांग रही है और इसलिए निर्माता संजय को साइन करने से कतरा रहे हैं। संजय दत्त का पारा चढ़ गया और उन्होंने फौरन रेशमा से संबंध खत्म कर लिए। 
 
इस घटना के बाद सलमान और रेशमा के संबंध भी बिगड़ने लगे। शायद सलमान को लगा कि रेशमा उन पर हावी होने की कोशिश कर रही है। आखिरकार एक दिन सलमान और मैनेजमेंट कंपनी मैट्रिक्स अलग हो गए। प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई। सलमान ने जिस रेशमा की सेवाएं भविष्य में लेने से ठुकरा दिया उसे अक्षय कुमार ने अपना लिया। 
 
बताया जा रहा है कि अब रेशमा की कंपनी अक्षय कुमार का काम देखेगी। जिसके तहत वे अक्षय की पर्सनल पीआर और उनके फिल्म प्रोजेक्ट्स के बारे में निर्णय लेंगी। अक्षय इस समय अपने करियर के बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं और उनका इस तरह किसी कंपनी से जुड़ना आश्चर्य पैदा कर रहा है। 
 
अक्षय कुमार लगातार सफल फिल्में तो दे रहे हैं, लेकिन उनकी फिल्म सवा सौ करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन नहीं कर पाती हैं। दूसरी ओर सलमान और आमिर खान जैसे सितारे तीन सौ करोड़ के पार जा चुके हैं। संभव है कि अक्षय को इस बात ने परेशान कर रखा हो। वे भी अपनी फिल्मों को ब्लॉकबस्टर होते देखना चाहते हैं। इसीलिए उन्होंने रेशमा से हाथ मिलाया हो। 
 
रेशमा और उनकी कंपनी की बॉलीवुड में बहुत धाक है। आलिया भट्ट, सिद्धार्थ मल्होत्रा, वरुण धवन, कैटरीना कैफ, करीना कपूर, अथिया शेट्टी और सूरज पंचोली जैसे सितारों का काम वे देखती हैं। पिछले दिनों खबर आई थी कि डेविड धवन इस बात से नाराज हुए थे कि वरुण धवन जो भी फिल्म साइन करते हैं उसका बड़ा हिस्सा 'मैट्रिक्स' अपने पास रखती है। 
 
ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या अक्षय का करियर सलमान के करियर की तरह उछाल लेगा। 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दोस्त हो तो बाहुबली प्रभाष जैसा