Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

बॉलीवुड 2018 : रिमेक-सीक्वल और बायोपिक फिल्मों का बोलबाला

हमें फॉलो करें बॉलीवुड 2018 : रिमेक-सीक्वल और बायोपिक फिल्मों का बोलबाला
बॉलीवुड में वर्ष 2018 में प्रदर्शित हिट फिल्मों के बीच रीमेक, सीक्वल और बायोपिक फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी। वर्ष 2018 में प्रदर्शित फिल्मों पर नजर डालें तो हिचकी, बागी 2, धड़क और फन्ने खान रीमेक फिल्में थी। इसी तरह सीक्वल फिल्मों में हेट स्टोरी 4, रेस 3, साहेब बीबी और गैंगस्टर 3, हैप्पी फिर भाग जाएगी, नमस्ते इंग्लैंड और 2.0 जैसी फिल्में रही, जिसमें कई फिल्मो ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी। बायोपिक फिल्में भी इस वर्ष सुर्खियों में रही और उसने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार कमाई की।
 
रीमेक फिल्मों की श्रेणी में रानी मुखर्जी की कमबैक फिल्म हिचकी 23 मार्च को प्रदर्शित हुई। फिल्म हिचकी हॉलीवुड फिल्म ‘फ्रंट ऑफ क्लास’ पर आधारित हैं। फिल्म की कहानी ब्रैड कोहेन की पुस्तक ‘फ्रंट ऑफ द क्लास: हाऊ टॉरेट सिंड्रोम मेड मी द टीचर आई नेवर हैड’ पर आधारित है। फिल्म हिचकी में रानी एक टीजर की भूमिका में नजर आई जिसे ‘टॉरेट सिंड्रोम’ नामक बीमारी है। फिल्म में दिखाया गया कि रानी को अपने प्रोफेशनल लाइफ में किस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कम बजट में बनी फिल्म हिचकी ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 47 करोड़ की कमाई कर हिट फिल्मों में अपना नाम दर्ज करा लिया।
 
webdunia
30 मार्च को 2018 की सर्वाधिक बहुप्रतीक्षित फिल्मों में बागी-2 प्रदर्शित हुई। यह फिल्म सीक्वल के साथ हीं रीमेक भी थी। टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी की फिल्म बागी 2 लोगों को काफी ज्यादा पसंद आई थी। यह फिल्म सुपरहिट तेलगू फिल्म क्षनम की हिंदी रीमेक है। अहमद खान के निर्देशन में बनी बागी की सीक्वल बागी-2 में टाइगर श्रॉफ, दिशा पाटनी, मनोज वाजपेयी और रणदीप हुड्डा की मुख्य भूमिकाएं है। फिल्म  ने 165 करोड़ रूपए की शानदार कमाई की है।
 
20 जुलाई को शशांक खेतान के निर्देशन में बनी फिल्म धड़क प्रदर्शित हुई। यह फिल्म वर्ष 2016 में प्रदर्शित मराठी फिल्म सैराट की रीमेक है। करण जौहर निर्मित धड़क से श्रीदेवी-बोनी कपूर की पुत्री जाह्नवी कपूर और शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर ने डेब्यू किया। फिल्म हिट साबित हुई और उसने करीब 72 करोड़ की शानदार कमाई की है। फिल्म में जाह्नवी और ईशान के अभिनय को भी दर्शकों ने बेहद पसंद किया।
 
राकेश ओम प्रकाश मेहरा निर्मित फन्ने खान में अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय और राजकुमार राव ने मुख्य भूमिका निभाई है। यह फिल्म इंग्लिश फिल्म एवरी बडी इज फेमस की हिंदी रीमेक थी। फिल्म ने औसत व्यापार किया। वर्ष 2001 में एवरी बडी इज फेमस ऑस्‍कर नॉमिनेशन में पहुंची थी। इस फिल्‍म की कहानी एक ऐसे पिता पर बेस्‍ड है जो अपनी बेटी के सिगिंग स्‍टार बनने के सपने को पूरा होते हुए देखना चाहता है। इसके लिए वो देश के सबसे बड़े सिंगिग सुपरस्‍टार का किडनैप कर लेता है ताकि उसकी बेटी फेमस बन सके। 
 
webdunia
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सिम्बा’ भी तेलुगू फिल्म ‘टेंपर’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म में रणवीर सिंह और सारा अली खान की मुख्य भूमिका है। यह फिल्म 28 दिसंबर को प्रदर्शित हो रही है।
 
सीक्वल फिल्मों की श्रृंखला में 09 मार्च को हेट स्टोरी 4 प्रदर्शित हुई। विशाल पांड्या द्वारा निर्देशित और भूषण कुमार निर्मित हेट स्टोरी 4 हेट स्टोरी फ्रेंचाइजी की चौथी कड़ी थी। फिल्म में उर्वशी रौतेला, विवान भटेना करण वाही और इहाना ढ़िल्लो ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म औसत कारोबार करने में कामयाब रही।
 
webdunia
15 जून को वर्ष 2018 की सर्वाधिक बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल रेस 3 प्रदर्शित हुई। रेमो डिसूजा निर्देशित और रमेश तौरानी निर्मित यह फिल्म रेस का तीसरा संस्करण है। रेस 3 में सलमान खान के साथ जैकलीन फर्नांडीस और बॉबी देओल की मुख्य भूमिका है। फिल्म उम्मीद के अनुरूप कारोबार करने में सफल नहीं रही। रेस 3 ने करीब 170 करोड़ की कमाई की है। 
 
तिग्मांशू धूलिया के निर्देशन में बनी साहेब बीबी और गैंगस्टर फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी साहेब बीबी और गैंगस्टर 3, 27 जुलाई को प्रदर्शित हुई। फिल्म में संजय दत्त, जिमी शेरगिल, चित्रांगदा सिंह और माही गिल ने मुख्य भूमिका निभायी थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नही दिखा सकी।
 
24 अगस्त को हैप्पी भाग जायेगी की सीक्वल ‘हैप्पी फिर भाग जायेगी’ प्रदर्शित हुई। मुदस्सर अजीज निर्देशित और आनंद एल राय निर्मित हैप्पी फिर भाग जायेगी में डायना पेंटी, सोनाक्षी सिन्हा और जिमी शेरगिल ने मुख्य भूमिका निभायी थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर औसत व्यापार किया। 
 
webdunia
31 अगस्त को कॉमेडी फिल्म यमला पगला दीवाना की सीक्वल यमला पगला दीवाना फिर से प्रदर्शित हुई। धर्मेन्द्र, सनी देओल और बॉबी देओल की तिकड़ी बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को दीवाना बनाने में कामयाब नही हुई। 
 
विपुल शाह निर्मित-निर्देशित फिल्म नमस्ते इंग्लैंड 18 अक्टूबर को प्रदर्शित हुई। यह फिल्म सुपरहिट फिल्म नमस्ते लंदन की सीक्वल है। नमस्ते इंग्लैंड में अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की मुख्य भूमिका है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नही दिखा सकी।
 
29 नवंबर को दक्षिण भारतीय फिल्मों के महानायक रजनीकांत और खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार की जोड़ी वाली फिल्म 2.0 से दर्शकों का दीदार हुआ। यह फिल्म वर्ष 2010 में प्रदर्शित रोबोट की सीक्वल है। भारत में हीं फिल्म अब तक 188 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। ओवरसीज में भी फिल्म ने शानदार व्यवसाय किया है। करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह फिल्म भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म है। साथ ही यह तकनीकी रूप से भी अब तक की सबसे एडवांस फिल्म भी है। भारतीय सिनेमा द्वारा बनाई गई यह पहली फिल्म है जिसे 3डी में शूट किया गया है। अब तक फिल्मों को पहले शूट किया जाता था और बाद में इन्हें 3डी में कनवर्ट किया जाता था। 
 
webdunia
बायोपिक फिल्मों की श्रृंखला में 09 फरवरी को आर बाल्की के निर्देशन में बनी पैडमैन प्रदर्शित हुई। फिल्म में अक्षय कुमार, सोनम कपूर और  राधिका आप्टे की मुख्य भूमिका हैं। टिंवकल खन्ना निर्मित यह फिल्म अरुणाचलम मुरुगनथम की वास्तविक जीवन की कहानी से प्रेरित है, जिन्होंने कम लागत वाले सैनिटरी पैड बनाने की मशीन का आविष्कार किया था। मुरुगनानथम ने एक ऐसी मशीन का निर्माण किया था जो सैनिटरी नैपकिन्स सस्ते दाम में उत्पादित करती थी। उनको इस आविष्कार के लिए पद्मश्री से भी नवाजा गया था। फिल्म ने करीब 80 करोड़ की कमाई की। 
 
इस वर्ष की सर्वाधिक बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शुमार संजू 29 जून को प्रदर्शित हुई है। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी संजू, संजय दत्त की बायोपिक है जिसमें रणबीर कपूर ने संजय दत्त की भूमिका निभायी। फिल्म 341 करोड़ की कमाई की है। संजू इस वर्ष की सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्म साबित हुयी।
 
ALSO READ: ज़ीरो का बॉक्स ऑफिस पर पहला वीकेंड, उम्मीद से कम रहा प्रदर्शन
13 जुलाई को पंजाबी फिल्मों के सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ और पिंक फेम तापसी पन्नू की जोड़ी वाली फिल्म सूरमा प्रदर्शित हुयी। ‘सूरमा’ हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक फ़िल्म है। फिल्म संदीप के संघर्ष और जज़्बे की दास्तान है। फिल्म ने 30 करोड़ की औसत कमाई की। 
 
नंदिता दास के निर्देशन में बनी फिल्म मंटो 21 सितंबर को प्रदर्शित हुई। फिल्म में नवाजउद्दीन सिद्दीकी ने लेखक सआदत हसन मंटो की भूमिका को रूपहले पर्दे पर साकार किया। फिल्म हालांकि बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित नही हुयी लेकिन उनके अभिनय को दर्शकों ने बेहद पसंद किया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

रैम्प पर दिखा मलाइका अरोरा का खूबसूरत अंदाज