Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

ढाई गज की छाती भी चाहिए

हमें फॉलो करें ढाई गज की छाती भी चाहिए

अनहद

PR
धर्मेन्द्र और उनके दोनों पुत्र मिमिक्री कलाकारों के निशाने पर एक मुद्दत से हैं। मिमिक्री के क्षेत्र में लड़कियों के आ जाने से हेमामालिनी भी नहीं बच पाई हैं। इस पूरे परिवार के पास ऐसा लहजा और अंदाज है, जिसकी नकल न सिर्फ आसानी से उतारी जा सकती है, बल्कि लोगों को सुनने-देखने में मजा भी बहुत आता है। जाहिर है मिमिक्री उनकी की जाती है, जो मशहूर हों, बड़े हों।

जिस सितारे को मिमिक्री करने वाले चुन लेते हैं, फिर उस सितारे के दो व्यक्तित्व हो जाते हैं। एक असली, जो वो सितारा खुद होता है और दूसरा नकली... मिमिक्री करने वाले उस सितारे से मनचाही हरकत करा सकते हैं। धर्मेंद्र परिवार की मिमिक्री में लोगों को इसलिए मजा आता है, क्योंकि ये परिवार गंभीर है। गंभीर लोगों का मजाक उड़ाने का मजा अलग ही है। धर्मेन्द्र में तो फिर भी हँसने-हँसाने और मजाक सहन करने का माद्दा है, पर सनी तो एकदम ही गुस्सैल हैं।

अभी मुंबई में एक रेडियो स्टेशन पर इसी परिवार की मिमिक्री की जा रही थी। इत्तफाक से सनी ने सुन लिया और नाराज हो गए। वकील को बुलाया और रेडियो वालों को मानहानि का नोटिस दिया। नोटिस में दो सौ करोड़ रुपए माँगे गए हैं। नहीं देने पर मुकदमा लगाने की धमकी है। अब ये कोरी नासमझी है। बेहतर तो यह होता कि रेडियो का स्टेशन बदल दिया जाता। उससे भी बेहतर यह होता कि रेडियो बंद कर दिया जाता। सनी को दो सौ करोड़ तो क्या मिलेंगे, ये हो सकता है कि तमाम मिमिक्री आर्टिस्ट पंजे झाड़ के सनी के पीछे लग जाएँ।

जब छिछोरों का झुंड किसी आदमी के पीछे पड़ जाए, तो उस आदमी के लिए बेहतर होता है चुपचाप निकल जाना। अगर वो जवाब देने, उनसे भिड़ने की कोशिश करे, तो सारे छिछोरे मानो बावले होकर उस पर झपटने लगते हैं। इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा फायदा उस रेडियो स्टेशन को होने वाला है। एंकर तो रातोंरात मशहूर हो ही गया है।

सनी देओल तय नहीं कर सकते कि मिमिक्री करने वालों की हद क्या है। ये तो सुनने वाले ही तय करेंगे कि उन्हें क्या सुनना है। लेकिन हाँ, सनी को हँसना और दरगुजर करना सीखना चाहिए। केवल ढाई किलो के हाथ के साथ आप नहीं जी सकते। ढाई गज की छाती भी होनी चाहिए।

शाहरुख खान और करण जौहर अगर मुकदमा लगाने चलें तो हर मिमिक्री करने वाले पर मुकदमा लगा सकते हैं। पर यह सुनने में अजीब लगेगा कि शाहरुख जैसे आदमी ने किसी छुटभैये मिमिक्री वाले से सौ-दौ सौ करोड़ हर्जाना माँगा है। खुद करण और शाहरुख भी अपने बारे में की जाने वाली चर्चाओं पर हँसते हैं। कई बार तो दोनों लोगों को चिढ़ाने के लिए जान-बूझकर हरकतें करते हैं। सनी देओल ने साबित किया है कि वो वाकई गुस्सैल हैं। मिमिक्री का भी कोई बुरा मानता है क्या?

(नईदुनिया)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi