Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment
मिथुन-व्यक्तित्व
यह राशि चंचल प्रकृति वाली मानी जाती है। इसमें उत्सुकता, प्रश्नेच्छा एवं भ्रमणशीलता का आधिपत्य पाया जाता है। मिथुन राशि के लोग आकर्षक व्यक्तित्व वाले पर अस्थिर स्वभाव एवं चरित्र के होते हैं। बुद्धिमान तो होते हैं पर परस्पर विरोधी बातों में चलने वाले भी पाए जाते हैं। उन्हें नित्य नए परिवर्तन, भ्रमण तथा विविधता ही प्रिय होती है। ये व्यक्ति राजनीति में चतुर होते हैं। ये धार्मिक, दयावान, दृढ़ संकल्पी रहते हैं तथा आध्यात्मिक तत्वों व आत्मोन्नति की ओर विशेष ध्यान लगाते हैं। सबके साथ समान व्यवहार बना रहता है। सहनशीलता काफी होती है। ईमानदार, सभ्य, चरित्रवान होते हैं तथा प्रत्येक कार्य को विचारपूर्वक करते हैं। अपने वचन तथा संकल्प के पक्के होते हैं। अपने उत्तरदायित्व को निभाना अपना फर्ज मानते हैं। सत्प्रवृत्ति ही इस राशि का विशेष गुण है। ये झूठ बोलने वालोंव अकड़ने वालों से सख्त नफरत करते हैं। खाने-पीने में जो चीजें इन्हें पसंद रहती हैं, उन्हें ग्रहण करते हैं। स्वच्छता और व्यवस्था इनका प्रधान गुण रहता है। अनियमित तथा आलस्य युक्त भी देखे गए हैं। इनका अपने मन पर पूर्ण रूप से काबू रहता है, तभी ये दृढ़तापूर्वक निश्चय कर पाते हैं, अन्यथा नहीं। इनका विरोध लोगों से अकारण ही हो जाता है, किन्तु विरोधी अंत में ठंडे पड़ जाते हैं, क्योंकि इनका व्यवहार सत्यता, दृढ़ता व श्रेष्ठ चरित्र पर आधारित होता है। वैसे ये लोग रूढ़िवादी नहीं होते पर दूसरे लोगों की निष्ठा की परीक्षा करने की चेष्टा करते रहते हैं। व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण पस्त हो जाना इनकी सबसे बड़ी दुर्बलता होती है। वह गंभीर-चिंतन नहीं कर पाते हैं। हर समय हंसते रहना, हर बात को मजाक में लेना उनका प्रमुख लक्षण है। इनकी उपस्थिति में गोष्ठियां जीवंत हो जाती हैं। ध्यानाकर्षण का विशिष्ट गुण इनकी विशेषता होता है। उनमें सत्य-प्रकाशन की उत्कृष्टता सीमा को पार कर जाने वाली होती है, जो इनके लिए संकट तथा क्लेश का कारण बनती है। ये अपने वचन का पालन नहीं कर पाते हैं। विचारों की भिन्नता को स्वीकार करते हैं परन्तु सदैव अपनी राह पर ही चलते हैं। यात्रा से इन्हें प्रायः लाभ होता है। मिथुन राशि प्रत्यक्ष अनुभव को ही प्रमाण मानती है। हाथ जल जाने पर वे यह जान पाते हैं कि अग्नि का स्वभाव जलाना है। मिथुन राशि का व्यक्ति बुद्धिमान, आकर्षक तथा चतुर वार्ताकार के रूप में अपने को प्रकट करता है। असफलता उसके मित्र बढ़ाती है, पर सफलता ईर्ष्यालु व्यक्ति बनाती है। मिथुन राशि के लोग हस्त-लाघव से युक्त, चंचल स्वभाव तथा कलात्मक रुचि वाले होते हैं। उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर होता है। इनका चरित्र हाथी दांत के समान होता है। दिखलाने के और खाने के और। इस प्रकार से इस राशि के व्यक्ति दुहरा जीवन-यापन करते हैं। इसी कारण अन्य लोग इनको समझ नहीं पाते हैं। उनके बारे में लोगों की राय में मतैक्य नहीं होता है। मिथुन राशि वालों को अपनी बौद्धिक क्षमता के प्रकटीकरण से अत्यन्त सुख मिलता है। चुनौतियां उसमें सुधार लाती हैं। यह संवेदनशील परन्तु असहाय हुआ करते हैं। परिस्थिति के अनुरूप मिथुन राशि वाले अपने व्यवहार को बदलते रहते हैं, अतः उनके सच्चे स्वरूप को पहचान पाना सरल नहीं होता। ऐसे लोग प्रायः दूसरों को उपदेश और उत्साह देने लगते हैं, जिसके कारण उन्हें स्वयं उपहास का पात्र बनना पड़ता है। वे जिन विषयों को नहीं भी जानते, उन पर भी उचित रूप से बोला करते हैं। वह विश्वास, आदर तथा प्रसिद्धि पाना चाहते हैं, पर उन्हें इच्छित मात्रा में नहीं मिल पाता है। इसकी वह सदा दूसरों से शिकायत करते रहते हैं।

राशि फलादेश