Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

वर्ष 2018 में कैसा रहेगा आपका करियर, (जा‍नें 12 राशियां)

हमें फॉलो करें वर्ष 2018 में कैसा रहेगा आपका करियर, (जा‍नें 12 राशियां)

श्री रामानुज

* राशिफल वर्ष 2018 : कैसा रहेगा आपका नए साल में करियर जानिए
 
मेष राशि वालों के लिए यह वर्ष मिश्रित रहने वाला है। मई माह से ग्रह बदलने से आर्थिक बढ़ोतरी और पदोन्नति की पूरी संभावना है। इस वर्ष नौकरी ढूंढने वालों को सफलता मिलेगी। सकारात्मकता से लाभ होगा व प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेंगे।
 
कार्यस्थल पर वरिष्ठों का सहयोग प्राप्त होगा और प्रशंसा प्राप्त होगी। सहकर्मी सफलता के कारण द्वेष भी करेंगे। छोटी-छोटी बात पर ग़ुस्सा न करें। राशि का स्वामी मंगल ग्रह है, जो ऊर्जा प्रदान करेगा।
 

व्यापारियों को लाभ प्राप्त होगा, परंतु कहीं भी निवेश करने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करना श्रेयस्कर है, नहीं तो नुकसान हो सकता है। कला, वित्त, मीडिया, प्रिंटिंग, नाट्य, पर्यटन, संगीत या फिर सौन्दर्य उत्पाद के कारोबार से जुड़े जातकों को अपेक्षा से अधिक लाभ होगा।

********
 
वृषभ राशि वालों के लिए यह वर्ष सुखद और लाभप्रद है। सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। कार्यस्थल पर वरिष्ठों का सहयोग प्राप्त होगा। जनवरी से मार्च की अवधि में अच्छे पद पर पदोन्नति व आर्थिक लाभ होगा।

 
कौशल और रचनात्मकता से प्रगति करेंगे, परंतु सावधानी रखें अन्यथा विवादों से अहित होने का भी योग है। कार्यस्थल पर बेहद सावधान रहें व बोलने से पहले कई बार विचार कर लें। सितंबर माह में अपने काम पर विशेष ध्यान देना होगा।
 
व्यापारियों को लेन-देन के मामले में सतर्कता बरतनी होगी। मनोवांछित परिणाम नहीं मिलेंगे, परंतु लंबे समय में लाभ होगा। यदि आप कोई नया व्यापार-व्यवसाय करने की सोच रहे हैं तो अभी कुछ समय प्रतीक्षा करें। कला, प्रिटिंग, मीडिया और पर्यटन से जुड़े जातकों को सुखद परिणाम मिलेंगे।
 
 
******** 
मिथुन राशि वालों के लिए यह वर्ष सुखद परिणाम लाएगा। काम की प्रशंसा होगी व सहकर्मी सहयोग प्रदान करेंगे। सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। इस वर्ष आप अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होंगे। ग्रह-नक्षत्र इस अनुकूल हैं जिससें कुछ महत्वपूर्ण बदलाव होंगे और आर्थिक लाभ होगा।
 
बुध ग्रह राशि का स्वामी है, जो बुद्धि और ज्ञान का कारक है। बुध के प्रभाव से जातक विचारवान बन लाभ कमाएंगे। कार्य-कौशल में विकास बड़ी जिम्मेदारियों को निभाने में मदद करेगा। शेयर बाजार व कहीं अन्य निवेश करने से पहले अनुभवी लोगों से सलाह जरूर लें और सोच-समझकर ही पैसे लगाएं।


व्यापारियों की अपने साझेदारों के साथ कुछ अनबन हो सकती है, लेकिन जल्द ही मामला सुलझ भी जाएगा। व्यापार विस्तार के लिए समय अच्छा है। विदेशी संबंधों व व्यापार से लाभ प्राप्त होगा।

 
********
कर्क राशि वालों के लिए उन्नति के योग हैं। कार्यस्थल पर पद-प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी, हालांकि कार्यस्थल पर अधिक मेल-जोल से दूर रहना चाहिए। छवि खराब हो सकती है।

 
व्यापारियों को इस वर्ष कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, परंतु हताश न हों, आगे समय अच्छा है। इसके अलावा किसी प्रकार की साझेदारी और अन्य गठबंधन करने से बचें, अभी इसके लिए सही समय नहीं है। आर्थिक मामले में दस्तावेज के साथ ही कोई समझौता करें, धोखा हो सकता है।
 
व्यवसाय में जीवनसाथी का सहयोग प्राप्त होगा। बड़े-बुजुर्गों की सलाह वरदान साबित होगी। दवा, खनिज और तकनीक से जुड़े जातकों के लिए लाभ योग हैं। कार्य संबंधी यात्राएं भी करनी होंगी, जो कि फायदेमंद रहेंगी।
 
********

सिंह राशि वाले इस वर्ष कार्यस्थल पर करिश्माई प्रदर्शन से सबको प्रभावित करेंगे। उच्च पद मिलने की संभावना है। नौकरी बदलने का भी योग बन रहा है। कार्यस्थल पर मान-मर्यादा बढ़ेगी, परंतु वर्ष के पहले 2 महीनों में बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है।
 
यात्रा के कारण व्यस्तता रह सकती है। थकान हो सकती है। व्यवसाय में अच्छा मुनाफा प्राप्त होगा। बड़ा निवेश करने के लिए भी समय शुभ है। प्रॉपर्टी, संचार, कपड़ा, रेस्टॉरेंट, बैकरी, इलेक्ट्रिक और खानपान, प्रिंटिंग प्रेस और आयात-निर्यात से जुड़े जातकों को मनचाहा लाभ प्राप्त होगा।
 
 
********
 
कन्या राशि वालों के लिए इस वर्ष काम पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। आसपास होने वाली घटनाओं से ध्यान भटकेगा, थोड़ा संयत रहें तो बेहतर होगा। आर्थिक स्थिति बेहतर रहने वाली है।

कार्यस्थल पर कौशल और हुनर से काम बनेंगे। नौकरी बदलने के लिए समय अनुकूल है। सरकारी नौकरी करने वालों के लिए अच्छी पदोन्नति होने की अपार संभावना है। मेहनत के अनुरूप फल नहीं मिलने के कारण परेशान हो सकते हैं, परंतु धैर्य बनाए रखें।

 
कन्या राशि का स्वामी बुध ग्रह है, जो बुद्धि और व्यापार का कारक होता है। बुध के प्रभाव से नए व्यापार और काम के सिलसिले में की गई यात्रा से अप्रत्याशित लाभ होगा।
 
********
तुला राशि वालों के लिए इस वर्ष करियर नई ऊंचाई छुएगा। पदोन्नति के रूप में मेहनत का फल मिलेगा। आर्थिक लाभ संभव है। सफलता से सहकर्मी ईर्ष्या भी कर सकते हैं। अपनी वाणी पर ध्यान रखें, क्योंकि विवाद होने की आशंका है।

 
व्यवसाय करने वाले जातकों के लिए यह साल प्रत्याशित मुनाफा देने वाला सिद्ध होगा। साल में आय के कई नए स्रोत सामने आएंगे, साथ ही विदेश यात्रा भी सफल रहेगी। कारोबार में बेहतर लाभ प्राप्त होगा। बड़े निवेश या जमीन-जायदाद के सौदे के दौरान सावधान रहने की जरूरत है।
 
 
********
वृश्चिक राशि वालों के लिए इस वर्ष चुनौतियों से भरा होगा। परिस्थितियां आपके अनुकूल नहीं रहने वाली हैं, परंतु अपनी काबिलियत और मेहनत से उसे अपने अनुरूप बना सकते हैं। सफल होने के लिए मेहनत करनी होगी।

 
व्यापार में कामकाज बढ़ाने के सिलसिले में दूर की यात्रा का योग बन रहा है। व्यापार में निवेश करने की सोच रहे हैं तो यह समय इसके लिए उपयुक्त नहीं है, अत: निवेश करने का प्लान कुछ समय के लिए त्याग दें। इस्पात, स्टील, ब्यूटी, स्पा, कपड़ों और आयात-निर्यात से जुड़े जातकों को लाभ प्राप्त होगा।
 
 
********
धनु राशि वालों के लिए इस वर्ष कई सुनहरे मौके मिलने वाले हैं। सकारात्मक बदलाव होंगे। शनि के गोचर के कारण कड़ी मेहनत करनी होगी। मेहनत करने से लक्ष्य की प्राप्ति संभव है। नए कारोबार में निवेश करना फायदे का सौदा होगा। संपत्ति या वाहन खरीदने का योग बन रहा है। शेयर बाजार में पैसे लगाना हितकर रहेगा और मुनाफा होगा। आर्थिक मामलों में सावधानी बरतें और पैसों से संबंधित कागजात को संभालकर रखें।

 
प्रिटिंग, आर्ट, क्राफ्ट, आयात-निर्यात या कपड़े से जुड़े जातकों के अच्छे दिन आने वाले हैं। पैसों की कोई कमी नहीं रहने वाली है, लेकिन आर्थिक मामलों में सावधानी बनाए रखें। सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
 
 
********
मकर राशि वालों के लिए यह वर्ष बढ़िया साबित होने वाला है। बेहतर और सही दिशा में प्रयास करें तो मनचाहा परिणाम मिलेगा। विदेशी स्रोत से जुड़े कार्यों से भारी लाभ के योग हैं। कार्यस्थल पर होने वाले विवादों से दूर रहने का प्रयास करें। वित्तीय मामलों में सतर्कता जरूरी है। वित्तीय मामलों से संबंधित कागजातों पर हस्ताक्षर करते समय पूरा पढ़ें और उन्हें संभालकर रखें। धोखे की आशंका है।

 
किसी बड़े निवेश के लिए समय उपयुक्त नहीं है। बड़े-बुजुर्गों और अनुभवी लोगों की सलाह से व्यापार में लाभ होगा। लोहा, स्टील, कपड़ा या आयात-निर्यात से जुड़े जातकों को मुनाफा होने वाला है। करियर के सिलसिले में की गई यात्राएं सफल होंगी।

********
 
कुंभ राशि वालों के लिए इस वर्ष आर्थिक अच्छी वृद्धि के साथ पदोन्नति होगी। सकारात्मक सोच के साथ काम के प्रति पूरी तरह से समर्पित रहेंगे। कार्यस्थल पर कोई अच्छा पद मिलेगा, नई जिम्मेदारी लेंगे। वरिष्ठों के साथ संबंध अच्छे बनाकर रखें।

 
मई से नवंबर की अवधि में विदेश यात्रा का योग बन रहा है। काम को लेकर भी कुछ यात्राएं संभावित हैं। जनवरी से मार्च और दिसंबर के आखिरी में क्रोध न करें और मानसिक शांति के लिए योग करें।
 
व्यापारियों को अप्रत्याशित मुनाफा हो सकता है। आर्थिक मामलों में अनुभवी और करीबी लोगों से सलाह लें। जनवरी से मार्च की अवधि में साझेदारी न करें। अप्रैल से मई तक रुके हुए काम पूरे होंगे।
 
 
********
 
मीन राशि वालों के लिए इस वर्ष मेहनत ही एकमात्र मंत्र होगा। अप्रैल से सितंबर तक की अवधि कार्यस्थल पर विशेष ध्यान देना होगा। काम की अधिकता और व्यस्तता के कारण थकावट महसूस हो सकती है। अक्टूबर के बाद समय बदलेगा और सुकून मिलेगा।
 
दिसंबर महीने में सोच-समझकर चलना होगा अन्यथा भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। वरिष्ठ अधिकारियों से वाद-विवाद न करें। मई माह में यात्रा के योग हैं। मल्टीनेशनल कंपनी में काम कर रहे जातकों के लिए समय अनुकूल है। पदोन्नति होगी।
 
 
कारोबार में कुछ उतार-चढ़ाव आएंगे। आर्थिक मामले में अनजान व्यक्तियों पर आंख बंद करके विश्वास न करें। अक्टूबर से नवंबर तक की अवधि में अप्रत्याशित मुनाफा होगा। इस दौरान व्यापार को आगे ले जाने के कई बेहतरीन मौके मिलेंगे। आय के नए स्रोत सामने आएंगे। आत्मविश्वास और पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

31 दिसंबर से 7 जनवरी 2018 : साप्ताहिक राशिफल