Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

2017 में युवाओं ने पसंद की यह 10 प्रेरक किताबें

हमें फॉलो करें 2017 में युवाओं ने पसंद की यह 10 प्रेरक किताबें

नम्रता जायसवाल

प्रस्तुति : नम्रता जायसवाल
2017 में छाई रही यह 10 प्रेरक किताबें 
 
वर्ष 2017 में भारतीय युवाओं ने पसंद की 10 ऐसी पुस्तकें जो पिछले कई सालों से मार्केट में अपना वर्चस्व बनाए हुए है। आइए जानें 10 ऐसी ही पुस्तकें, सफलता पाने के लिए जिन्हें आज भी युवा चाव से पढ़ रहा है... 
 
1. ऑप्शन बी (option B)
लेखक : शेरिल सैंडबर्ग और एडम ग्रांट
यह पुस्तक सिखाती है कि प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना कैसे करें, समायोजन क्षमता कैसे विकसित करें और कैसे ढूंढें आनंद। 
 
सारांश : इस किताब में यह बताया गया है कि लेखिका शेरिल अपने पति की अचानक मृत्यु के बाद किन परिस्थितियों का सामना करती हैं। अपने असहनीय दु:ख और अकेलेपन से कैसे वह बाहर आती हैं, क्या तरीके अपनाती हैं, विपरीत परिस्थिति में कैसे जीने और खुश रहने की ताकत जुटा पाती हैं। 
 
ऑप्शन 'बी' पुस्तक यह बताती है कि जब जीवन में ऑप्शन 'ए' न हो तब ऑप्शन 'बी' हमेशा होता है और इसे अपना लेना चाहिए और स्वीकारने में ही समझदारी और भलाई है। 
 
इसके बाद यह किताब लेखिका के नुकसान से परे जाकर बताती है कि किस प्रकार कई लोगों ने बीमारी, नौकरी जाने, यौन-उत्पीड़न, प्राकृतिक आपदा और युद्ध की हिंसा सहित कई कठिनाइयों का डटकर सामना किया। उनकी कहानियां मनुष्य की आंतरिक क्षमता को पहचानने और समयानुसार अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरणा देती है और खुशी का पुन: पता लगाने के लिए प्रेरित करती हैं।
 
2. द 5 सेकंड रुल (The 5 second rule)
लेखक : मेल रॉबिंस
यह पुस्तक बताती है कि अपने आत्मबल से प्रतिदिन अपना जीवन, कार्यशैली और आत्मविश्वास कैसे निखारें। 
सारांश : जीवन में बहुत-सी ऐसी चीजें हैं, जो आपके दिमाग को पता है कि आपको करना चाहिए। लेकिन फिर भी आप कर नहीं पाते हैं। यह चीजें बहुत छोटी से लेकर बहुत बड़ी तक कुछ भी हो सकती हैं, जैसे सुबह जल्दी उठने की कोशिश, हमेशा कहीं समय पर पहुंचने की कोशिश, अपनी सेहत का ख्याल रखने की कोशिश आदि।
 
हमें पता होता है कि इन जैसी कुछ चीजों को करके हम अपना लक्ष्य पा सकते हैं, फिर भी हम उन्हें करने का उतना उत्साह नहीं जुटा पाते या कहें कि नहीं कर पाते और हमेशा बात कल पर टाल देते हैं और फिर पूरा दिन इसे लेकर स्वयं में बुरा भी महसूस करते हैं कि आज भी नहीं कर पाए। 
 
इस किताब में 5 सेकंड रुल बताए गए हैं जिसके जरिए आप अपने दिमाग को अलग ढंग से प्रशितक्षत कर सकते हैं। 5 सेकंड रुल के अनुसार जिस पल आपको कोई काम करना है, बस फिर उस कार्य पर बिना और कोई विचार किए बस कर देना है। जैसे उदाहरण के तौर पर आपको सुबह जल्दी उठना है तो आप उलटी गिनती करें- 5, 4, 3, 2, 1 और गो...! 
 
3. अनशेकेबल (unshakable)
लेखक : टोनी रॉबिंस 
यह पुस्तक आपकी आर्थिक स्वतंत्रता को परिभाषित करती है। 
सारांश : '#1 न्यूयॉर्क टाइम्स बेस्टसेलर मनी' लिखने के बाद और दुनिया के सबसे बड़े वित्तीय सोच वाले 50 लोगों का इंटरव्यू करने के बाद लेखक ने इस किताब में    बताया है कि कैसे आप अपने जीवन की आर्थिक स्थिति को बदल सकते हैं और कैसे आर्थिक स्वतंत्रता के लिए अपना मार्ग निर्बाध बना सकते हैं। 
 
चाहे आपका वर्तमान जीवन किन्हीं भी परिस्थितियों में हो, आपका वेतन, जीवन का स्तर वर्तमान में कुछ भी हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। यह पुस्तक आपके वित्तीय लक्ष्यों को अधिक तेजी से हासिल करने में आपकी मदद करती है और ऐसे उपाय उपलब्ध कराती है जो आपने पहले कभी नहीं सोचे होंगे।  
 
4. द सीक्रेट (The secret)
लेखिका : रैंडा बर्न 
यह पुस्तक बताती है कि कैसे  'लॉ ऑफ अट्रैक्शन' के नियम को अपनाते हुए खूबसूरत जीवन को अपनी तरफ आकर्षित किया जा सकता है और मनचाही सफलता पाई  जा सकती है। 
 
सारांश : यह किताब एक ऐसे रहस्य के बारे में बताती है, जिस के  विद्वानों और महान लोगों को पता था। एक ऐसा रहस्य जिसने दुनिया के कई लोगों की जिंदगी जादू की तरह बदल दी। यह किताब 'लॉ ऑफ अट्रैक्शन' के बारे में बताती है कि यह नियम कैसे काम करता है? और आप ही ने अपने आसपास का वातावरण निर्मित किया है।
 
आपके साथ जो भी परिस्थितियां हैं- अच्छी या बुरी, वह आप ही ने चाहे-अनचाहे अपनी ओर आकर्षित की हैं। आपके जीवन में जो भी आता है, वह आपकी सोच का ही प्रतिबिम्ब है और आगे आप कैसे अपनी सोच से अपनी परिस्थितियों को बदलकर मनचाही चीजों को अपनी ओर आकर्षित कर सकते हैं। 'लॉ ऑफ अट्रैक्शन' का इस्तेमाल करके कैसे आप अपने जीवन की हर परिस्थिति को बदल सकते हैं, इस किताब में आपको यह जानने को मिलता है। 
 
5. यू कैन विन (You Can Win) 
लेखक : शिव खेड़ा
पुस्तक बताती है सकारात्मक सोच से कैसे अपने व्यक्तित्व का विकास करें...  
सारांश : शिव खेड़ा एक लेखक, प्रेरक और प्रखर वक्ता, सफल व्यवसायी और बिजनेस सलाहकार हैं। यह किताब सकारात्मक दृष्टिकोण, व्यक्तित्व विकास के साथ सफलता के विषय में है। इस किताब में बताया गया है कि सफलता के लिए सही दिशा में लगातार प्रयत्न करना, समर्पण और अनुशासन का क्या महत्व है? कैसे आप सकारात्मक सोच विकसित करें और सफल हों? इस किताब में विजयी होने और सफलता हा‍सिल करने के तरीके बताए गए हैं। 
 
पुस्तक में यह बताया गया है कि जीवन में कौन सी बातें हमें पीछे धकेल रही हैं और आगे बढ़ने से रोक रही हैं? अपना आत्मसम्मान कैसे विकसित करें? आपसी मेल-जोल बढ़ाकर खुशनुमा करियर का निर्माण कैसे करें? लेखक के अनुसार जीवन में छोटी-छोटी बातें आपको 'परफेक्ट' बनाती है और परफेक्शन कोई छोटी चीज नहीं होती। 25 सरल और सटीक टिप्स के माध्यम से किताब अपनी बात कहने में सफल होती है। 
 
6 . द मोंक हु सोल्ड हिज फेरारी (The Monk Who Sold His Ferrari)
लेखक : रॉबिन शर्मा
पुस्तक में अपनी जीवनशैली को बेहतरीन बनाने के रास्ते सुझाए गए हैं। 
सारांश : इस किताब में एक ऐसे वकील की कहानी बताई गई है, जो बहुत अच्छा लॉयर है, अच्छी जीवनशैली जीता है, उसके पास पैसों की कोई कमी नहीं है, लेकिन इन पैसों का इस्तेमाल करने का उसके पास समय ही नहीं है। किसी के लिए समय न होने के चलते उसकी जिंदगी से सभी लोग दूर होते चले जाते हैं।
 
एक दिन उसे दूसरी बार दिल का दौरा आता है, क्योंकि उसकी जीवनशैली काफी खराब हो चुकी थी। जब उसे एहसास हुआ कि उसकी जिंदगी में उसने बहुत कुछ खो दिया है और उसकी जिंदगी खराब हो रही है, तो फिर उसने निश्चय किया कि अब वह अपना जीवन सुधारेगा और उसने भारत आकर कई वर्षों यहां विद्वान लोगों के बीच रहकर ज्ञान लिया और उसे अपने जीवन में उतारा। एक बार उसकी उसके दोस्त से मुलाकात हुई, तो उसका दोस्त उसे पहचान ही नहीं पाया। 
 
इस किताब में यह बताया गया है कि लोग पैसा कमाने के पीछे भागते हैं, कामयाबी के पीछे भागते हैं, लेकिन कुछ ही लोग हैं जो सेहत के पीछे भागते हैं। लोग पूरी जिंदगी पैसे के पीछे भागते हुए कई और जरूरी चीजों पर ध्यान नहीं देते, सिर्फ पैसा कमाते हैं फिर अंत में उसी पैसे को अपना इलाज करने में लगाते हैं। 
 
इस किताब में बताया गया है कि आज के समय में अपनी जीवनशैली कैसी होनी चाहिए और कैसे जीवन को शानदार ढंग से जिया जाए। लोग यही सोचने में अपना समय बिता देते हैं कि उनको क्या-क्या नहीं पसंद? जबकि उन्हें सोचना चाहिए कि उनको क्या-क्या पसंद है। 
 
कई सारे उदाहरण से समझाया गया है कि किस तरह की बातों को सोचना चाहिए जिससे हमारा मन सकारात्मक हो जाए। इसमें बताया गया है, जैसे कार की हेडलाइट कुछ मीटर की दूरी तक रोशनी दिखाती है और ऐसे रास्ते देखते हुए हम लंबी मंजिल तय कर लेते हैं, उसी तरह छोटे-छोटे लक्ष्य पाकर आप बड़ा लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
 
7. द सेवन हैबिट्स ऑफ हाइली इफेक्टिव पीपल (The 7 Habits of Highly Effective People)
लेखक : स्टेफन कोवे 
प्रभावशाली लोगों की 7 आदतें
सारांश : इस किताब में 7 ऐसी आदतों का जिक्र किया गया है, जो आपको हर क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद करती है। इसमें बताया गया है कि दुनिया में 2 तरह के लोग होते हैं- पहले, प्रोएक्टिव और दूसरे, रिएक्टिव। रिएक्टिव लोग मानते हैं कि जो उनकी किस्मत में लिखा है, वही उनके साथ हो रहा है और इसमें उनका कोई दोष नहीं है, वहीं प्रोएक्टिव लोग अपनी जिंदगी की जिम्मेदारी खुद लेते हैं और उनकी जिंदगी में जो भी होता है, उसका दोष वे दूसरों को नहीं देते। रिएक्टिव लोग जिस चीज पर उनका नियंत्रण नहीं होता, उस बारे में सोचकर परेशान होते हैं। 
 
किताब में बताया गया है कि प्रोएक्टिव लोग खुद को बदलने की सोचते हैं और रिएक्टिव लोग दूसरों को बदलना चाहते हैं। किताब में पहली अच्छी आदत प्रोएक्टिव रहने की बताई गई है। दूसरी आदत अपना मिशन स्टेटमेंट बनाकर चलें यानी जो भी आप बनना चाहते हैं, वैसा ब्लूप्रिंट मन में सोचकर रखिए और उसके अनुसार ही काम करिए। तीसरा अपने कामों को 4 भागों में बांटकर रखिए। 
 
कुछ काम 'अर्जेंट और जरूरी' होते हैं, कुछ काम 'कम अर्जेंट लेकिन जरूरी' होते हैं, कुछ काम 'अर्जेंट (हमारी नजर में) और कम जरूरी' तो कुछ काम 'कम अर्जेंट और कम जरूरी' होते हैं। इस अनुसार अपने काम की प्राथमिकता तय करें। इसी तरह की और भी आदतें इस किताब में बताई गई हैं, जो आपके व्यक्तित्व को प्रभावी बनाने में मदद करती हैं। 
 
8. लोक व्यवहार (Lok vyavhar)
लेखक : डेल कॉरनेगी
पुस्तक बताती है कि प्रभावी व्यक्तित्व बनाने के लिए अपने आसपास के लोगों से कैसा व्यवहार करें।
सारांश : यह किताब प्रभावी व्यक्तित्व बनाने की कला बताती है, साथ ही दिलचस्प शैली और सरल भाषा में यह सिखाती है कि लोगों का दिल कैसे जीतें? पुस्तक जीवन में काम आने वाली व्यावहारिक सलाह देती है। इस किताब में लोगों को प्रभावित करने के जानेमाने अचूक तरीके बताए गए हैं जिन पर अमल करने के बाद यकीनन जीवन पहले से अधिक सुखद और संपन्न हो सकता है। 
 
यह किताब आपके दिमाग के जाले साफ करते हुए आप में नए सपने जगाती है और नई महत्वाकांक्षाओं की प्रेरणा देती है। यह किताब ऐसे तरीके बताती है जिससे कि आप आसानी से दोस्त बना पाएंगे, आपकी लोकप्रियता बढ़ेगी, आपके प्रभाव व मान-सम्मान में वृद्धि होगी। इस किताब में बताया गया है कि न सिर्फ बोलने की कला महत्वपूर्ण है, बल्कि यह भी जरूरी है कि रोजमर्रा में आप आसपास के लोगों से कैसे व्यवहार करते हैं। 
 
9. सोचिए और अमीर बनिए (Think and Grow Rich) 
लेखक : नेपोलियन हिल
सोच बदलकर बनिए अमीर 
सारांश : इस किताब में बताया गया है कि जो भी आप दिमाग और मन में सोच सकते हैं, वह सब अपने जीवन में पा भी सकते हैं। हमारे समाज में पैसा एक ऐसी चीज है, जो हर कोई पाना चाहता है। आपके पास कितना बैंक-बैलेंस है, इसका प्रभाव आपके जीवन के हर पहलू पर पड़ता है। 
 
इस किताब में बताया गया है कि कैसे आप ज्यादा पैसा कमा सकते हैं या पा सकते हैं। इच्छाशक्ति वह सशक्त भावना है जिसकी वजह से आप कोई भी काम करना शुरू करते हैं फिर आपको उस इच्छा की पूर्ति के लिए मेहनत करना चाहिए। इस किताब में आगे बढ़ने की 6 बेहतरीन स्टेप्स बताई गई है। 
 
10. अलकेमिस्ट (The Alchemist) 
लेखक : पाओलो कोएल्हो 
यह किताब मजबूत इच्छाशक्ति से मनचाही जिंदगी और वस्तु पाने का रास्ता सुझाती है।  
सारांश : अलकेमिस्ट यानी वह जो दूसरी चीजों को सोने में तब्दील कर देता है। इस छोटी-सी किताब में यह बताया किया है कि अगर किसी चीज को पाने की आपकी इच्छा शक्तिशाली है तो पूरा ब्रह्मांड इस इच्छा को पूरी करने में आपकी मदद करता है। इसमें 'संतियादो' नाम के लड़के की कहानी बताई गई है कि कैसे इस गरीब लड़के के जीवन में चमत्कारी बदलाव आता है।

 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

भारतीय हॉकी के लिए उतार-चढ़ावों से भरा रहा 2017