Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मई 2011 : ओसामा का अंत

- डॉ. आरसी ओझा

हमें फॉलो करें मई 2011 : ओसामा का अंत
ND
01 : लोकसभा स्पीकर ने भाजपा सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी को पुनः लोकलेखा समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया। रोमन कैथोलिक दिवंगत धर्मगुरु पोप जॉन पॉल (द्वितीय) को संत घोषित करने के पूर्व की रस्म पूर्ण। नाटो हमले में गद्दाफी के बेटे व तीन पोते मृत।

02 : दुर्दांत आतंकवादी संगठन अल-कायदा का मुखिया ओसामा बिन लादेन पाक के एबटाबाद में अमेरिकी कमांडो ऑपरेशन में मारा गया। लादेन को समुद्र में दफन कर दिया गया।

03 : अमेरिका ने कहा कि पाक में लादेन को पूरी मदद मिल रही थी। झारखंड के सेन्हा थाना क्षेत्र में बारूदी सुरंग से 12 जवान शहीद। मुंबई में दादा साहेब फालके अकादमी पुरस्कार समारोह में अभिनेत्री रेखा पुरस्कृत।

04 : अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू सहित 6 लोगों की 5 दिन पूर्व लापता हुए हेलिकॉप्टर की दुर्घटना में मृत्यु की पुष्टि। लंदन के वैज्ञानिकों द्वारा ब्रह्मांड का 11 अरब साल की यात्रा का विस्तृत नक्शा जारी।

05 : लादेन की मौत से बौखलाए पाकिस्तान ने अमेरिका, भारत को धमकाया। अमेरिकी व्हाइट हाउस प्रेस सचिव ने कहा कि जरूरत पड़ी तो फिर कार्रवाई होगी। सऊदी अरब के अखबार 'अलवतन' ने दावा किया कि लादेन को मरवाने में अल जवाहिरी का हाथ था।

06 : अमेरिका ने 9/11 और 26/11 की तुलना से इंकार किया। पाक में उस जैसे भारत के किसी अभियान को अमेरिकी समर्थन नहीं देने की घोषणा। दाऊद इब्राहीम पाक से भागकर सऊदी अरब पहुँचा।

07 : प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह ने घोषणा की कि टैगोर के नाम से प्रतिष्ठित अ.रा. सम्मान स्थापित किया जाएगा। लादेन के बाद अवलाकी अल-कायदा का दूसरा प्रमुख सरगना बना। हसन अली ने अपने काले धन के बारे में जुर्म कबूला। भोपाल के कैटो ग्रुप पर छापों में 500 करोड़ की अघोषित संपति के प्रमाण मिले।

08 : ताजा 'विकीलीक्स' के अनुसार पाक फौज और आईएसआई ने भारत पर हमले करवाए। संडे टाइम्स, लंदन की धनवानों की सूची में भारतीय मूल के लक्ष्मी मित्तल लगातार सातवें वर्ष सबसे धनाढ्‌य घोषित।

09 : जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल को विकास में योगदान के लिए अ.रा. जवाहरलाल नेहरू पुरस्कार देने की घोषणा। सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद की विवादित भूमि को तीन भागों में बाँटने के इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगाई। खांडू की मौत की जाँच से पता चला कि चीन विमानों के सिग्नल जाम करता है। इंदौर में विवि परिसर की बैंक शाखा से एटीएम तोड़कर चोर ने 28 लाख उड़ाए।

10 : खुफिया तंत्र के अनुसार एबटाबाद में ओसामा बिन लादेन का निवास दाऊद इब्राहीम ने बनवाया था।

11 : ग्रेटर नोएडा के भट्टा परसौल गाँव में किसान आंदोलन को समर्थन देने की वजह से राहुल गाँधी सहित कई नेता गिरफ्तार। फ्रांस के कान शहर में 64वाँ फिल्मोत्सव शुरू।

12 : किसानों की जमीन के अधिग्रहण को लेकर कांग्रेस का पूरे उप्र में विरोध प्रदर्शन। प्रियव्रत सिंह मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित। प्रधानमंत्री डॉ. सिंह ने काबुल पहुँचकर अगले 5 वर्षों में वहाँ के विकास के लिए 50 करोड़ डॉलर मदद देने की घोषणा की।

13 : असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हैटंिट्रक। प. बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने 34 साल पुराना वामपंथी शासन ढहाया। तमिलनाडु में जयललिता का दल जीता। केरल में कांग्रेस गठबंधन विजयी। पुडुचेरी में एनआर कांग्रेस गठबंधन जीता। प्रख्यात रंगकर्मी बादल सरकार का कोलकाता में निधन।

14 : सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया कि वह 150 गरीब जिलों में 50 लाख टन अनाज बाँटे। पेट्रोल के दाम 5 रुपए प्रति लीटर बढ़े। सोलर विमान की पहली उड़ान स्विट्‌जरलैंड से बेल्जियम तक सफल।

15 : कर्नाटक के राज्यपाल ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने और विधानसभा को निलंबित रखने की सिफारिश की। इंदौर के होलकर स्टेडियम के एक और आईपीएल-4 मैच में कोच्चि टस्कर्स विजयी। किसान नेता महेन्द्रसिंह टिकैत का निधन।

16 : पूरे देश में पेट्रोल के दाम बढ़ाने का भारी विरोध। जयललिता द्वारा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण। लादेन की मौत का बदला लेने के लिए अल-कायदा-तालिबान ने कराची में सऊदी अरब के वाणिज्य दूत हसन अली कहतानी की हत्या की।

17 : यौन अपराध के मामले में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष प्रमुख डोमिनिक स्ट्रॉस कान को न्यूयॉर्क के राईकर्स द्वीप में जेल भेजा गया।

18 : उपन्यास 'पोर्टनो एज कम्प्लेंट' के अमेरिकी लेखक फिलिप रोथ को मैन बुकर पुरस्कार। मिस्र के आतंकी सैफ-अल-अदील को अल-कायदा का अंतरिम सरगना नियुक्त किया गया। कर्नाटक में राष्ट्रपति शासन की सिफारिश करने के बाद राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के पास बहुमत है।

19 : वाराणसी में कांग्रेस अधिवेशन में सोनिया गाँधी ने कहा कि उप्र में अराजकता का बोलबाला है। 58वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में मलयालम फिल्म 'अदिमत मकव अबू' श्रेष्ठ फीचर फिल्म और दबंग सबसे मनोरंजक फिल्म घोषित।

20 : ममता बनर्जी ने प. बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। 2-जी घोटाले में कनिमोझी गिरफ्तार। एयर मार्शल एनएके ब्राउन अगले एयर चीफ मार्शल नियुक्त। बीना रिफाइनरी प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित।

21 : संप्रग सरकार के दो वर्ष पूर्ण। धर्मशाला में आईपीएल-4 में अमित मिश्रा ने हैटट्रिक (4 विकेट की) बनाई। आधुनिक संचार उपग्रह सी-सैट-8 का सफल प्रक्षेपण। 'अस्त्र' मिसाइल का सफल परीक्षण।

22 : अरुणाचल प्रदेश की अंजू ने दस दिन में दो बार एवरेस्ट फतह कर रिकॉर्ड बनाया। योरपीय देश आइसलैंड में ज्वालामुखी का विस्फोट होने से मुख्य हवाई अड्डे बंद।

23 : गादियाबंद (रायपुर) के पास सोनाबेड़ा में नक्सली हमले में एसएसपी सहित दस जवान शहीद। तालिबान ने कराची के नौसेना के हवाई ठिकानों पर हमला किया, 14 सुरक्षाकर्मी मृत।

24 : मुंबई आतंकी हमले के आरोपी डेविड हेडली ने शिकागो कोर्ट में पाक और उसकी खुफिया एजेंसी की पोल खोली। 121 करोड़ के भारत देश में 1.21 करोड़ कन्या भ्रूण हत्याएँ। जयललिता ने कहा कि राजीव गाँधी की हत्या के लिए द्रमुक जिम्मेदार।

25 : पटना-दिल्ली एम्बुलेंस विमान फरीदाबाद में एक बस्ती पर गिरा, 12 मृत। अदीस अबाबा (अफ्रीका) में अफ्रीकी, भारत दूसरे शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री श्री सिंह ने त्रिवर्षीय 5 बिलियन डॉलर की मदद की घोषणा की। आर्मी निशानेबाज विजयकुमार ने अमेरिका में विश्व कप स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया, ओलिम्पिक की पात्रता हासिल की।

26 : सुप्रीम कोर्ट ने प. बंगाल सरकार द्वारा सौरव गांगुली को जमीन का आवंटन रद्द किया।

webdunia
ND
27 : अमेरिकी विदेश मंत्री श्रीमती क्लिंटन ने इस्लामाबाद आकर पाक को अल-कायदा के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए कहा। डॉ. मनमोहन सिंह और तंजानिया के राष्ट्रपति जकाया किकवेटे के बीच कई मामलों पर सहमति। यमन में सड़कों पर खूनी संघर्ष में 40 मृत।
28 : आईपीएल-4 (2011) में चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को हराया।-लगातार दूसरी बार-खिताब जीता। कर्नाटक के रेड्डी बंधुओं द्वारा चुनाव फंड के नाम पर 160 करोड़ को लेकर भाजपा नेता सुषमा स्वराज-जेटली में टकराव।

29 : यमन के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत अबियान की राजधानी जिंजिबाद पर अल-कायदा का कब्जा। केरल में मानसून का प्रवेश। तमिल सुपर स्टार रजनीकांत इलाज के लिए हाँगकाँग के अस्पताल में भर्ती।

30 : लोकपाल विधेयक के मसौदों को लेकर सरकार व नागरिक संगठनों में मतभेद उभरे। भोपाल में युवक कांग्रेस की पहली बैठक में लट्‌ठ चले। बिहार के गोपालगंज में कैदियों ने डॉक्टर को पीट-पीटकर मार डाला।

31 : लोकपाल विधेयक मसौदे पर अण्णा टीम में फूट, बाबा रामदेव सरकार के साथ। बीसीसीआई के वार्षिक पुरस्कार समारोह में सचिन को उमरीकर पुरस्कार। विश्व विजेता टीम के हर एक खिलाड़ी को 2 करोड़। जर्मनी की चांसलर एंजेला के भारत आगमन पर प्रधानमंत्री की अ.रा. मुद्दों पर चर्चा। असम में बस नदी में गिरने से 32 मृत।

5 प्रमुख घटनाएँ
* अमेरिका के कमांडो ऑपरेशन में अल-कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन मारा गया।
* लंदन के वैज्ञानिकों द्वारा ब्रह्मांड का 11 अरब वर्षों की यात्रा का नक्शा जारी।
* अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री की हवाई दुर्घटना में मौत, शव मिला।
* अरुणाचल प्रदेश की अंजू ने दस दिन में दो बार माउंट एवरेस्ट फतह किया।
* आईपीएल-4 (2011) में चेन्नई सुपर किंग्स ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi